भोपाल में BJP की बड़ी बैठक, मिशन 2028 के लिए 66 चुनौती वाली सीटों पर रणनीति पर मंथन

भोपाल. भाजपा के नए प्रदेश प्रभारी बिप्लव कुमार देब, सह प्रभारी रेखा वर्मा, नए प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी की मौजूदगी में कोर ग्रुप की पहली बैठक हुई। तीनों नेता नियुक्ति के बाद पहली बार भोपाल प्रवास पर आए। कोर ग्रुप की बैठक में मिशन 2028 के लिए सामने आ रही चुनौतियों से कैसे निपटा जाए इस पर विचार मंथन किया गया। तय किया गया कि सरकार के साथ संगठन मिलकर इन चुनौतियों का सामना करेगा।
बीजेपी के लिए 66 सीटें चुनौती है
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए तय किया गया कि आदिवासी क्षेत्रों में सभी मंत्री और पार्टी पदाधिकारी प्रवास बढाएं। कांग्रेस जो भ्रम फैला रही है उसका जवाब दें। मध्य प्रदेश विधानसभा की लगभग 66 सीटें ऐसी है जहां भाजपा के लिए चुनौतियां अधिक है। इनमें कुछ सीटों में केवल 5 हजार वोटों से भाजपा जीती है या जनसंघ से लेकर अब तक उन सीटों पर भाजपा कम ही चुनाव जीती है। उन सीटों पर प्रदर्शन कैसे ठीक किया जाए इस पर भी विचार किया गया। संगठन इन क्षेत्रों में प्रभारी बनाकर आगे की तैयारी करेगा। नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर भी चर्चा हुई।
बैठक में मुख्यमंत्री मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, डिप्टी सीएम जगदीश देवडा, राजेंद्र शुक्ला, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य, आंध्र प्रदेश के प्रभारी अरविंद भदौरियां, राष्ट्रीय संकुल संयोजक विष्णु दत्त शर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह, सम्पतिया उईके, सांसद लता वानखेडे सहित अन्य नेता मौजूद थे। बैठक आरंभ होने के कुछ देर बाद केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी पहुंचे। गौरतलब है कि डॉ. महेंद्र सिंह पूर्व प्रभारी, पूर्व सह प्रभारी सतीश उपाध्याय का दायित्व बदलने के बाद पहली बार कोर कमेटी की बैठक हो रही है। प्रदेश भाजपा को लगभग 8 महीने बाद पूर्व संगठन महामंत्री हितानंद के उत्तराधिकारी के रूप में चंद्रशेखर तिवारी मिले है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *