MP बोर्ड का रिजल्ट, 10वीं-12वीं में 4.75 लाख बच्चे फेल:10वीं के 60%, 12वीं के 72% पास

भोपाल. माध्यमिक शिक्षा मंडल (एमपी बोर्ड) की 10वीं और 12वीं बोर्ड में छोटे शहरों की बेटियों ने टॉप किया है। स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री इंदर सिंह परमार सिंगल क्लिक से रिजल्ट जारी किया। करीब 18 लाख स्टूडेंट्स ने परीक्षा दी थी। 10वीं में 59.54 प्रतिशत पास हुए हैं। 12वीं के 72 फीसदी स्टूडेंट पास हुए हैं। 10वीं के 3.50 लाख और 12वीं के 1.20 लाख बच्चे फेल हुए हैं। सभी 11 टॉपर छोटे शहरों की बेटियां हैं। कक्षा 10वीं में छतरपुर की नैंसी दुबे और सतना की सुचिता पांडे ने संयुक्त रूप से टॉप किया है। दोनों ने 496 नंबर (99.2%) हासिल किए हैं। 12वीं के अलग-अलग विषयों में 9 टॉपर्स भी लड़कियां हैं।

12वीं में कला समूह में सागर की इशिता दुबे 480 नंबर के साथ टॉपर हैं। विज्ञान गणित समूह में श्योपुर की प्रगति मित्तल (494 अंक) ने और कॉमर्स समूह में मुरैना की खुशबू शिवहरे (480 अंक) ने टॉप किया। जीव विज्ञान समूह में शाजापुर की दिव्यता पटेल (491अंक) ने टॉप किया है। 12वीं की मेरिट में कुल 153 स्टूडेंट हैं। इनमें 93 छात्राएं और 60 छात्र हैं।

10वीं के 95 टॉपर में 55 बेटियां
10वीं की परीक्षा 18 फरवरी से 10 मार्च तक हुई। इसमें 10 लाख 29 हजार 698 स्टूडेंट शामिल हुए। इसमें रेगुलर स्टूडेंट 9 लाख 31 हजार 860 थे। रेगुल स्टूडेंट्स का रिजल्ट 59.54% रहा। इसमें 56.84% छात्र और 62.47% छात्राएं हैं। 95 स्टूडेंट स्टेट मेरिट में आए हैं। इसमें 55 छात्राएं और 40 छात्र हैं। 10वीं की टॉपर दो लड़कियां संयुक्त रूप से रहीं। सरकारी स्कूलों का रिजल्ट प्राइवेट स्कूलों की तुलना में 14.08 प्रतिशत कम रहा।

12वीं की मेरिट में 153 में से 93 छात्राएं
12वीं की परीक्षा 17 फरवरी से 12 मार्च तक हुई। इसमें 6 लाख 97 हजार 880 स्टूडेंट शामिल हुए। इसमें 6 लाख 29 हजार 381 रेगुलर और 68 हजार 699 प्राइवेट स्टूडेंट थे। रेगुलर स्टूडेंट्स का रिजल्ट 72.72% रहा। 69.94% छात्र और 75.64 प्रतिशत छात्राएं पास हुईं। यानी छात्राएं अव्वल रहीं। मेरिट लिस्ट में कुल 153 स्टूडेंट शामिल हैं। इनमें 93 छात्राएं और 60 छात्र हैं। निजी स्कूलों की अपेक्षा सरकारी स्कूलों का रिजल्ट 5.38 प्रतिशत ही रहा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *