राज्यसभा चुनाव पर कांग्रेस एक्टिव:MP में 3 सीटें खाली होंगी, नए दावेदार अरुण यादव को दिग्विजय का सपोर्ट

भोपाल. राज्यसभा चुनाव की आहट से मध्यप्रदेश कांग्रेस में हलचल शुरू हो गई है। मध्यप्रदेश में राज्यसभा की 11 सीटें हैं। इनमें से 8 पर बीजेपी और सिर्फ 3 सीट पर कांग्रेस है। जून में बीजेपी की 2 और कांग्रेस के खाते से 1 सीट कम हो रही है। यह एक सीट सांसद विवेक तन्खा का कार्यकाल पूरा होने पर खाली होगी। इसके लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव का नाम सबसे आगे चल रहा है। प्रदेश में अरुण यादव की बढ़ती सक्रियता ने उनकी दावेदारी काे आगे बढ़ाया है। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह भी यादव को सपोर्ट कर रहे हैं।

अरुण यादव ने शुरू किया जनसंपर्क, दिग्विजय ने की तारीफ
मिशन-2023 के लिए अरुण यादव ने अपने स्तर से बुंदेलखंड में जनसंपर्क शुरू कर दिया है। यादव गुरुवार को टीकमगढ़ के दौरे पर थे। इसको लेकर पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से अरुण यादव की जमकर तारीफ की साथ ही कांग्रेसियों को सुझाव भी दे दिया। दिग्विजय ने लिखा- ‘मुझे इस बात की प्रसन्नता है अरुण आपने दौरा शुरू किया है। जनसंपर्क के माध्यम से ही हम जनता की लड़ाई लड़ पाएंगे। बधाई।

राज्यसभा में कौन जाएगा, यह शीर्ष नेतृत्व तय करेगा: प्रदेश प्रवक्ता
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता रवि सक्सेना का कहना है कि राज्यसभा में कौन जाएगा, कौन नही, यह बात शीर्ष नेतृत्व तय करेगा। अरुण यादव कांग्रेस पार्टी का बड़ा चेहरा है उन्हें मौका मिलता है तो पार्टी को मजबूती मिलेगी। मप्र में ओबीसी वर्ग की आबादी 52 प्रतिशत से ज्यादा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *