सिंधिया का इमोशनल आशियाना:39 साल जिस बंगले में रहे, ढाई साल बाद फिर करेंगे एंट्री; जानिए कैसे छिना था महाराज से ये किला
नई दिल्ली. 27, सफदरजंग रोड। ये उस सरकारी बंगले का पता है जहां ज्योतिरादित्य सिंधिया का बचपन बीता और एक हार से वह इमोशनल बंगला छिन भी गया था। अब उस बंगले में सिंधिया की दोबारा एंट्री होगी। ये सिर्फ एक बंगला नहीं, बल्कि उनके बचपन की यादों का गुलदस्ता भी है। सिंधिया के लिए केवल ये ईंट पत्थर का बंगला नहीं बल्कि पिता से जुड़ाव की एक पहचान है।
42 साल पहले उनके पिता माधवराव को ये बंगला आवंटित हुआ था। ज्योतिरादित्य ने बचपन में इस बंगले में एंट्री की थी। इसके साथ उनके माता-पिता की खुशनुमा यादें जुड़ी हैं। अपने पिता माधवराव सिंधिया के साथ उन्होंने राजनीति का ककहरा यहीं सीखा। सत्ता के गलियारे की हवा इस बंगले से होकर गुजरती थी। यहां सियासी बैठकों का सिलसिला चलता रहता था। ये सारी चीजें ज्योतिरादित्य के युवा कोरे मन पर सियासत की इबारत लिखती जातीं। 2001 में हवाई हादसे में पिता के असामयिक निधन के बाद सियासत की कमान अचानक ज्योतिरादित्य के कंधों पर आ पड़ी। तब उस बंगले में उन्होंने सियासत के जो गुर सीखे थे, वे उनके काम आए।
इसी बंगले से शुरू हुआ सिंधिया का सियासी सफर
ज्योतिरादित्य सिंधिया का सियासी सफर इसी बंगले से शुरू हुआ था। 2001 में जब उनके पिता माधवराव सिंधिया की मृत्यु हुई, उसके तीन महीने बाद सिंधिया ने इसी बंगले में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ली थी। राजनीति में यह पहला मौका था, जब सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने किसी के घर पहुंचकर उसे कांग्रेस में शामिल कराया। इस बंगले के लॉन में पूरा आयोजन हुआ था, जिसमें कांग्रेस के दिग्गज नेता शामिल हुए थे। उसके बाद सिंधिया अपनी परंपरागत सीट से उपचुनाव जीतकर पहली बार संसद पहुंचे थे। सामान्य तौर पर किसी भी नेता को पार्टी मुख्यालय में सदस्यता दिलाई जाती थी, लेकिन सिंधिया के लिए गांधी परिवार ने परंपरा तोड़ दी थी।
महाराज इसी बंगले में मनाते रहे जन्मदिन
ज्योतिरादित्य सिंधिया का बर्थडे एक जनवरी को पड़ता है। वह अपना हर जन्म दिन इसी बंगले में मनाते थे। वे कहीं भी रहे हों, लेकिन एक जनवरी को उनका यहां आना तय रहता था।
मोदी लहर में छिना था बंगला
मोदी लहर से ज्योतिरादित्य भी नहीं बच सके थे। कांग्रेस में रहते हुए 2019 के लोकसभा चुनाव में वह हार गए थे। इस पर उनको वह बंगला भी बेमन से छोड़ना पड़ा था। 2020 में कांग्रेस छोड़कर BJP जॉइन करने वाले ज्योतिरादित्य को मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में ये बंगला दोबारा आवंटित हुआ, लेकिन कब्जा पाने में उनको आठ महीने लग गए। पिछले साल जुलाई में 27, सफदरजंग रोड का ये बंगला सिंधिया को आवंटित हुआ था। तब पूर्व शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक इसमें रह रहे थे। BJP में शामिल होने के बाद जब सिंधिया को राज्यसभा का सांसद चुना गया, उस समय ही उन्हें दिल्ली में 3 बंगलों में से किसी एक को चुनने का ऑप्शन दिया गया था। तब उन्होंने निजी आवास आनंद लोक में ही रहना मुनासिब समझा और अपने इमोशनल बंगले को पाने के लिए प्रयास जारी रखा।
