मुरैना में नर्सिंग एग्जाम में सामूहिक रुप से नकल करते छात्र

मुरैना. नर्सिंग छात्रों द्वारा जिला चिकित्सालय में सरेआम सामूहिक नकल करने का मामला उछलने के बाद अब जिले के स्वास्थ्य विभाग ने इस मामले में लीपापोती शुरू कर दी है। अपनी गर्दन फंसती देख विभाग के आला अधिकारियों ने एक जांच कमेटी गठित कर दी है, लेकिन यह जांच कमेटी ही अब जांच के घेरे में आ गई है, क्योंकि यह मामला सीधा सिविल सर्जन और शिक्षा माफिया की मिलीभगत से जुड़ा हुआ है। जबकि, इसकी जांच सिविल सर्जन के ही अधीनस्थ अधिकारियों को सौंप दी गई है।

हजारों की संख्या में छात्र सामूहिक रूप से नकल कर रहे
आपको बता दें कि जिला चिकित्सालय का पूरा प्रबंधन व प्रशासन सिविल सर्जन के अधीन होता है। सिविल सर्जन की मर्जी के बिना कोई छोटा काम भी नहीं हो सकता है। ऐसे में हजारों की संख्या में निजी नर्सिंग कॉलेजों के छात्र वहां आकर सामूहिक रूप से नकल कर रहे हों, यह मिलीभगत के बिना किसी भी सूरत में नहीं हो सकता है। सिविल सर्जन डॉ. विनोद गुप्ता अब इस मामले में अपना पल्ला यह कहकर झाड़ते नजर आ रहे हैं कि उनकी जानकारी में मामला नहीं है।

अधीनस्थों को सौंपी जांच
जिला प्रशासन ने इस मामले की जांच जिन अधिकारियों को सौंपी है, उनमें डॉ. अनुभा माहेश्वरी जिला स्वास्थ्य अधिकारी-प्रथम, डॉ. गिर्राज गुप्ता जिला स्वास्थ्य अधिकारी-तृतीय, एसपी श्रीवास्तव जिला कार्यक्रम प्रबंधक-एनएचएम, बसंत बाजोरिया डिप्टी एमईआईओ तथा मीना डेकाडे मेर्टन शामिल हैं। खास बात यह है कि उपरोक्त सभी अधिकारी सिविल सर्जन के अधीन आते हैं। अब सवाल यह उठता है कि यह अधिकारी अपने वरिष्ठ अधिकारी की जांच कैसे कर सकते हैं और अगर करेंगे भी तो इनकी जांच रिपोर्ट कितनी विश्वसनीय होगी।

नर्सिंग कॉलेज मालिकों को बुलाया है– डॉ. राकेश शर्मा, सीएमएचओ, मुरैना
जिन अधिकारियों को जांच सौपी गई है, वे सिविल सर्जन के अधीन नहीं आते हैं। हम स्वयं भी इस मामले की जांच कर रहे हैं। हमने नर्सिंग कॉलेजों के मालिकों को भी बुलवाया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *