करौली में हिंदू संगठनों के जुलूस पर पथराव के बाद दुकानों में आग लगाई, इंटरनेट बंद: कर्फ्यू, 4 पुलिसकर्मियों समेत 42 घायल

करौली. राजस्थान के करौली शहर में चैत्र नवरात्र के पहले दिन शनिवार को हिंदू संगठनों की ओर से निकाली जा रही बाइक रैली पर पथराव हो गया। पथराव कर रहे लोगों ने 6 से ज्यादा दुकानों में आग लगा दी साथ ही दो बाइक को भी जला दिया। तनाव की स्थिति को देखते हुए शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया है। जिला कलेक्टर राजेंद्र सिंह शेखावत ने 3 अप्रैल रात 12 बजे तक जिले में इंटरनेट सेवाएं बंद करने के आदेश जारी कर दिए। कलेक्टर ने कहा- एसपी ने तनाव के बाद सोशल मीडिया पर अफवाह फैलने से माहौल बिगड़ने की आशंका जताई थी।

क्या है पूरा मामला
एसपी शैलेंद्र सिंह इंदौलिया ने बताया कि नव नवसंत्सर के मौके पर हिंदू संगठनों की ओर से बाइक रैली निकाली जा रही थी। रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए जैसे ही हटवाड़ा बाजार में पहुंची, कुछ बदमाशों ने उस पर पथराव कर दिया इसके बाद दो पक्ष आमने-सामने हो गए। पथराव में 4 पुलिसकर्मियों समेत 42 लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर होने पर जयपुर रेफर किया है, साथ ही 30 उपद्रवियों को डिटेन किया गया है। वहीं पथराव की वजह से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और व्यापारियों ने दुकानें बंद कर दीं। इस दौरान कुछ लोगों ने 6 से ज्यादा दुकान और दो बाइक में आग लगा दी। आग से दुकानें पूरी तरह जल गईं। उपद्रव की सूचना पर बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामले को शांत करना चाहा लेकिन पुलिस की लचर व्यवस्था को देखकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया है। हालात अभी भी तनावपूर्ण बने हुए है।

शाम करीब 5:15 बजे पथराव
नव संवत्सर पर निकाली जा रही बाइक रैली को ध्रुव घटा संत हरेंद्र नाथ सरस्वती ने रामस्नेही कीर्ति राम आदर्श विद्या मंदिर से रवाना किया। रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी रही थी। रैली शाम 4 बजे शहर के रामस्नेही कीर्ति राम आदर्श विद्या मंदिर से शुरू होकर कलेक्ट्री चौराहा, हाथी घटा, गुलाब बाग, हॉस्पिटल रोड, फूटा कोट होते हुए करीब 5:15 बजे हटवाड़ा बाजार पहुंची तो कुछ लोगों ने उस पर पथराव कर दिया। इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर पथराव किया।

जयपुर से भेजी फोर्स
तनाव के बाद कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जयपुर से 50 पुलिस अधिकारियों सहित 600 से अधिक पुलिसकर्मियों को भेजा गया है। इसके साथ ही ADG संजीव नार्झरी, IG भरत मीणा, DIG राहुल प्रकाश एवं करौली के पूर्व SP मृदुल कछवाहा को भेजा गया है। IG भरतपुर प्रसन्न कुमार खमेसरा व IG कानून व्यवस्था भरत मीणा भी मौके पर पहुंच गए। ADG कानून-व्यवस्था हवा सिंह घुमरिया ने की शांति की अपील है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *