MP में देशद्राेही के आराेपित का मकान ढहाने के बाद सूफा संगठन से जुड़े आमीन का मकान ताेड़ा

रतलाम. निंबाहेड़ा में आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद रतलाम पुलिस-प्रशासन हरकत में आ गया है। 20 लोगों को हिरासत में ले लिया गया है साथ ही आरोपितों के मकानों को भी जेसीबी से ढहाया जा रहा है। इसी क्रम में आज देशद्रोह के मामले में गिरफ्तार आरोपित इमरान खान के मोहन नगर स्थित मकान को तोड़ने के बाद प्रशासन ने जुलवानिया स्थित उसका पोल्ट्री फार्म भी जेसीबी से ढहा दिया है। इसके बाद प्रशासन ने सूफा संगठन से जुड़े आमीन के विक्रम नगर स्थित मकान को भी जेसीबी से तोड़ दिया है।

ज्ञात हाे कि राजस्थान की जयपुर व चित्तौड़ की पुलिस द्वारा निंबाहेड़ा से तीन आतंकियों काे हिरासत में लिया है। इसके बाद रतलाम पुलिस ने आतंकियों के अन्य साथियों की खोजबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने अब तक करीब 20 लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। साथ ही आरोपितों के फोन काल डिटेल की भी जांच की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि जयपुर व चित्तौड़ की पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई कर 30 मार्च को निंबाहेड़ा में नाकाबंदी कर कार से जा रहे तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया था । उनके पास से बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई थी। आरोपितों की पहचान रतलाम के सेफुद्दीन, अल्तमस व जुबेर के रूप में हुई। इसके बाद सूचना मिलने पर रतलाम पुलिस भी सक्रिय हो गई व उनके साथियों की खोजबीन शुरू कर दी। शनिवा पुलिस ने करीब आधा दर्जन लोगों के घरों में तलाशी ली थी । इसके बाद शुक्रवार सुबह पुलिस और प्रशासन का दल मोहन नगर पहुंचा और देशद्रोह के मामले में करीब पांच साल पहले गिरफ्तार किए गए आरोपित इमरान खान के मकान को तोड़ने की कार्रवाई की। जेसीबी की मदद से उसका अवैध निर्माण तोड़ दिया गया। इसके बाद प्रशासनिक अमला जुलवानिया स्थित आराेपित के पाेल्ट्री फार्म पर पहुंचा और उसे भी जेसीबी की सहायता से ढहा दिया गया। मौके पर एसडीएम, सीएसपी, नगर निगम और पुलिस बल तैनात है। वही कार्रवाई देखने के लिए लोगों की भीड़ भी आसपास जमा हो गई है। इमरान जमानत पर है। सूत्रों का कहना है कि इमरान को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है लेकिन इसकी पुष्टि नहीं की है। वही आरोपितों के कई साथी शहर छोड़कर भाग गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *