सरसों बेचकर ग्वालियर से अपने गांव लौट रहे किसान की बदमाशों ने की हत्या, ड्राइवर की हालत गंभीर

ग्वालियर. भिंड के एंडोरी थाना क्षेत्र में एक किसान की लाठी डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात शाम के समय की है। मृतक किसान था और वो सरसों बेचकर ग्वालियर से वापस अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोक कर आधा दर्जन बदमाशों ने लूटपाट की घटना की। जब किसान ने विरोध किया तो उसकी हत्या कर दी गई है। वहीं ट्रैक्टर चालक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने शव का पीएम कराया है। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।

क्या है पूरा मामला
एंडोरी थाना प्रभारी नागेश शर्मा के मुताबिक मानपुर थाना सिहोनिया जिला मुरैना का रहने वाला विकास पुत्र राम नरेश गुर्जर अपने गांव के एक युवक रामनरेश गुर्जर के साथ ट्रैक्टर से मुरार अनाज मंडी में सरसों की फसल बेचने गया था। उसके पास करीब डेढ़ लाख की नकदी थी। जब विकास अपने साथ ट्रैक्टर चालक के साथ मालनपुर से बारहेड होते हुए सीधे अपने गांव के लिए मानपुर के लिए रवाना हुआ, तभी कुछ बदमाश बाइक सवार उसके पीछा करने लगे। जैसे ही बुद्धा सिंह का पुरा पर ट्रैक्टर पहुंचा तभी आरोपी चलते हुए ट्रैक्टर पर सवार हो गए। बदमाशों से घिरा हुआ देख विकास व ट्रैक्टर चालक मांजरा भांप गए और उसने ट्रैक्टर दौड़ाया। ट्रैक्टर सड़क से खेत में उतर गया। बदमाशों ने ट्रैक्टर को रोक कर विकास को खेत में पटक कर लूट पाट की घटना को अंजाम दिया।

विकास ने पहचान लिया था आरोपियों को
पुलिस का कहना है कि मृतक विकास व उसके साथ रामनरेश ने हमलावारों को पहचान लिया था। जब उन्होंने मारपीट शुरू की और लूट की वारदात की तब विकास ने उन्हें पहचान ने की बात कही। पकड़े जाने के डर से बदमाशों ने विकास की हत्या कर दी। वहीं, ट्रैक्टर चालक को भी खूब मारा जिससे वे बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *