पेट्रोल 100 रुपए पार
नई दिल्ली. पेट्रोल व डीजल की कीमतों में वृद्धि का सिलसिला जारी है। दिल्ली में 80 पैसे दाम बढ़ने के बाद दाम 100.21 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं डीजल के दाम आज 70 पैसे बढे है और एक लीटर के लिए दिल्ली वासियों को 91.47 रुपए खर्च करने पड़ रहे है। वहीं मायानगरी मुंबई में 85 पैसे महंगा होकर पेट्रोल 115.04 रुपए प्रति लीटर और 75 पैसे महंगा होकर डीजल 99.25 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। इसी तरह चेन्नई में पेट्रोल 105.94 रुपए प्रति लीटर और डीजल 96 रुपए प्रति लीटर है। कोलकाता में एक लीटर पेट्रोल के लिए 109.68 रुपए और डीजल के लिए 94.62 खर्च करने पड़ रहे है। 8 दिन में यह सातवां मौका है जब पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए गए है।
ईंधन, रसोई गैस की बढ़ी कीमतें वापस ले सरकार
इससे पहले विपक्षी दलों ने पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के खिलाफ सोमवार को संसद के दोनों सदनों में भारी हंगामा किया और सरकार से तत्काल बढ़ी कीमतें वापस लेने की मांग की। रसोई गैस सिलेंडर के दाम में बड़ी बढ़ोतरी को भी जनता पर भारी बोझ करार देते हुए पेट्रोलियम उत्पादों के साथ चौतरफा बढ़ती महंगाई को लेकर प्रधानमंत्री से संसद में बयान देने की मांग भी की। महंगाई के मुद्दे पर विपक्ष के आक्रामक तेवरों को देखते हुए सरकार ने अगले हफ्ते लोकसभा में इस पर चर्चा के लिए हामी भर दी है।
