ग्वालियर में बहुचर्चित हुंडी कांड दलाल आशीष गुप्ता अचानक गायब, जांच सीआइडी को साैंपी, पर प्रगति जीरो
ग्वालियर. ग्वालियर में बहुचर्चित हुंडी कांड में सीआइडी की जांच रफ्तार नहीं पकड़ पाई है। सीआइडी ने कुछ व्यापारियों से संपर्क कर बयान दर्ज कराने को कहा है, लेकिन अभी तक सभी के बयान दर्ज नहीं हो सके हैं। यह मामला पुलिस से सीआइडी को सौंपा गया है। इसी का विरोध व्यापारी कर रहे हैं।
ज्ञात रहे कि 28 दिसंबर 2021 को हुंडी दलाल आशीष गुप्ता निवासी मैनावाली गली अचानक गायब हो गया था। कारोबारियों को संदेह हुआ तो पुलिस को सूचना दी गई और बताया कि वह बाजार से करोड़ों रूपया लेकर चला गया है। व्यापारियों की शिकायत पर एक जनवरी को कोतवाली थाने में आशीष गुप्ता, पत्नी अंकिता ,नौकर गणेश व पिता नत्थूलाल गुप्ता के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तलाश शुरू की तो कुछ दिन बाद ही आशीष को ढ़ाई लाख रूपये के साथ चंबल पुल से पकड़ लिया गया। आशीष ने पकड़े जाने पर बताया कि वह करोड़ों रूपये क्रिकेट मैच सटोरियों के यहां हार गया है। यह रकम डबरा के मोनू गुप्ता, भोपाल के दिलीप सिंधी और गुना के आशीष जैन के यहां हारा है। पुलिस ने इन्हें भी आरोपित बनाया और दिलीप व आशीष को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद नौकर गणेश कुशवाह हाजिर हो गया और दो रोज पहले आशीष गुप्ता के पिता नत्थूलाल को भी पकड़ लिया गया। इस मामले में विभिन्न व्यापारिक संगठन आरोपितों पर सख्त कार्रवाई व पैसा वापस दिलाने की मांग पर अड़े हैं।
हुंडी पत्रों से ठगी का यह मामला हाइप्रोफाइल है। इस केस में ग्वालियर के नामी गिरामी कारोबारियों का पैसा गया है। एफआइआर जितनी रकम की हुई है वह तो बहुत कम बताई जा रही है। अब व्यापारियों की चिंता रकम बरामदगी है लेकिन रकम का लेखा जोखा न होना भी कमजोरी बन गया है। चैंबर आफ कार्मस, कैट, दाल बाजार व्यापार समिति इसमें शुरू से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं और माननीयों तक अपनी मांग पहुंचा चुके हैं। यही वजह है कि इस मामले को सीआइडी को सरका दिया गया।
