ग्वालियर में आधी रात अपहरण से फैली सनसनी, कार सवारों ने पिस्टल अड़ाकर युवक को किया अगवा

ग्वालियर. आधी रात पिस्टल अड़ाकर अपहरण की खबर से सनसनी फैल गई। पुलिस तत्काल कार सवारों की तलाश में जुट गई। इसी बीच कार सवारों को जब पुलिस की घेराबंदी का पता लगा तो अगवा को वह खुद ही महाराजपुरा थाना लेकर पहुंच गए। उनका कहना था कि इस युवक ने उनके पिता को फोन पर गालियां दी थी। पर मामला सिटी सेंटर का होने पर पुलिस ने उन्हें विश्वविद्यालय पुलिस के सुपुर्द कर दिया। यहां पुलिस ने अगवा युवक की हालत देखी तो उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया। युवक को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया गया था। पुलिस ने अगवा कर मारपीट करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है।

यह है मामला
भगत सिंह नगर निवासी विनीत पुत्र रमेश भदौरिया अपने मित्र के साथ सिटी सेंटर स्थित एक्सिस बैंक के पास आया था। तभी दो कारों से आधा दर्जन युवक आए। कार सवारों ने नाम पूछा और पिस्टल सीने पर अड़ा दी। इसके बाद उसकी बेल्टों, डंडों से मारपीट कर उसे कार में डाल कर ले गए। युवकों के तेवर देखकर विनीत का साथी वहां से भाग गया। घबराहट में विनित के साथी ने पुलिस को अपहरण की सूचना दे दी। आधी रात अपहरण की खबर से सनसनी फैल गई। पुलिस भी अलर्ट हो गई। अगवा कर विनीत की मारपीट करते हुए आरोपी पहले शहर में सड़क पर घूमते रहे आखिर में उसे महाराजपुरा थाने लेकर पहुंचे और युवक की शिकायत की। पुलिस ने घटना स्थल विश्वविद्यालय का होने पर उन्हें विश्वविद्यालय भेजा तो यहां पर युवक की गंभीर हालत देखकर पुलिस ने युवकों के खिलाफ अपहरण सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। साथ ही घायल विनित भदौरिया का मेडिकल कराया है। पकड़े गए युवकों की पहचान नितिन शर्मा, निखिल, नीरज गुर्जर, राजेश, अंकित चौरसिया व दो अन्य के रूप में हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *