10 बेरीकेडस से ट्रैफिक कंट्रोल का दूसरा प्रयोग, चौराहा फिर भी जाम
ग्वालियर. मोतीमहल और एसकेबी तिराहे पर जाम से निजात का कारगर तरीका पुलिस नहीं तलाश पाई है। बुधवार को पहले प्रयोग असफल होने पर दूसरे दिन यातयात पुलिस ने एसकेबी तिराहे पर फोकस किया। यहां 10 बेरीकेडस रखकर बंसत विहार से आने और जाने वाले ट्रैफिक का आमना, सामना तो रोका गया लेकिन इस मशक्कत के बावजूद जाम से निजात नहीं मिली। शाम होने पर इस रूट पर वाहनों का प्रेशर बढ़ा तो जाम लग गया। यहां गुजरने वाले परेशान होते रहे।
सिंधिया कन्या विद्यालय से मोती महल तिराहे तक जाम नहीं लगे, यातायात पुलिस इसका तरीका तलाशने में जुटी है। गुरूवार को इसके लिए सेंकेड फेज का प्रयोग किया गया। दरअसल पुलिस की थ्योरी है एसकेवी तिराहे पर बंसत विहार से आकर नए और पुराने ओवर ब्रिज की तरफ मुडने और इसी रूट से आकर बंसत विहार जाने वाला यातायात सामने होता है। उसकी वजह से यहां जाम लगता है। तिराहे पर दोनों तरफ के यातयात का सामना रोका जाए तो जाम खत्म होगा।
तिराहे पर लगवाए 10 बेरीकेडस
गुरूवार दोपहर को यातायात पुलिस अधिकारी एसकेवी तिराहे पर पहुंचे। दोनों तरफ के ट्रैफिक का सामना रोकने के लिए तिराहे से बसंत विहार गेट तक बीच सडक़ पर 10 डिवाइडर रखवाए। इससे नए और पुराने आरओवी और बंसत विहार से आकर एसकेवी की तरफ मुडने वाले वाहनों का सामना तो बंद हो गया। लेकिन थोडी दूरी पर मोती महल तिराहे पर वाहनों का दवाब बढ़ गया। बुधवार की तरह दोपहर से शाम तक तो स्थिति ठीक रही। लेकिन शाम ढ़लने पर मोतीमहल तिराहा जाम हो गया।
एसकेवी और मोतीमहल तिराहे पर जाम से निजात के लिए बेरीकेडिंग का प्रयोग किया है। इसकी वजह से जाम के हालात होते हैं तो उसमें भी सुधार किया जाएगा। इसके लिए शुक्रवार को ट्रैफिक इंजीनियरिंग के जानकार के साथ दोनों प्वाइंट पर जाकर फिर जायजा लिया जाएगा।
अभिनव चौकसे एएसपी यातायात
