शराब पीकर की दोस्त की हत्या
ग्वालियर. दारू पार्टी कर रहे 2 दोस्त आपस में झगड़ने लगे, विवाद बढ़ा तो उनके बीच मारपीट हो गयी और फावड़ा मार कर हत्या कर दी। घटना आंतरी थाना क्षेत्र के बड़ोरी पुल के पास की है। घटना के बाद आरोपी अपने घर पर जाकर सो गया। मामले का पता उस वक्त चला जब चौकीदार ने युवक की लाश देखी तो पुलिस को खबर की। खबर मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच के बाद आरोपी को दबोच कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
चौकीदार ने देखी लाश
रात करीब डेढ़ बजे चौकीदार जब इधर पहुंचा तो गोपी की खून से सनी लाश देखकर शोर मचाया तो आस-पास के लोग भी वहां पर आ गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की तो पता चला कि आखिरी बार गोपी को राजेश के साथ देखा था। जब उसकी जानकारी की तो पता चला कि वह घर पर सो रहा है। पुलिस घर पहुंची तो उससे पूछताछ की तो वह घबरा गया और हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। छत्तरपुर निवासी गोपी अहिरवार पुत्र बलराम अहिरवार उम्र 25 साल मजदूरी करता है और अभी वह आंतरी थाना क्षेत्र स्थित बड़ोरी पुल के पास एक ईंट भट्टा पर काम कर रहा है। बीती रात वह अपने दोस्त राजेश प्रजापति के साथ दारू पार्टी कर रहा था। दारू पार्टी के दौरान किसी बात पर उनका विवाद हो गया और उनके बीच मारपीट शुरू हो गई। मारपीट के दौरान राजेश ने पास पड़ा फावड़ा उठाकर उस पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी।
