शिवराज कैबिनेट का विस्तार टला, सिंधिया समर्थक भाजपा दफ्तर पहुंचे
भोपाल. शिवराज कैबिनेट का विस्तार एक बार फिर टाल दिया गया है। अब संभावना है कि लॉकडाउन खत्म होने या राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान होने के बाद ही कैबिनेट में नए चेहरों को शपथ दिलाई जाएगी। वहीं संभावना जताई जा रही थी कि इसी सप्ताह मंत्रिमंडल का विस्तार किया जा सकता है इसे तब और बल मिला जब 1 मई को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्यपाल लालजी टंडन से मुलाकात की। ऐसा माना जा रहा था कि दोनों के बीच कैबिनेट के विस्तार को लेकर चर्चा हुई थी।
सिंधिया समर्थक ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की
इधर कैबिनेट में मंत्री पद की दावेदारी को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक महेंद्र सिंह सिसोदिया, इमरती देवी, रघुराज सिंह कंषाना और एदल सिंह कंषाना ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा से मुलाकात की।
वहीं विंध्य के नेता केदार शुक्ला भी बुधवार को सीएम से मिले। शुक्ला ने कहा कि वे मंत्री बनने को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं इसके बाद राजस्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने भी वीडी शर्मा से मुलाकत की और कहा कि सिंधिया को केंद्रीय मंत्री बनाया जाना चाहिए।
