ग्वालियर होली के रंग में रंगा: सराफा में 30 हजार कंडों से बनी सबसे बड़ी होलिका का हुआ दहन
ग्वालियर. दो साल बाद ऐसा मौका आया है जब किसी त्यौहार पर कोरोना का साया नहीं मंडरा रहा है और फिर वो त्यौहार होली हो तो मजा दोगुना हो जाता है। गुरुवार को होलिका दहन के मौके पर ही पूरा शहर होली के रंग में रंग गया। शहर की सबसे बड़ी होली शहर के सबसे प्रमुख व्यापारिक स्थल सराफा बाजार में जलाई गई। यहां 30 हजार कंडों से करीब 10 फीट ऊंची होलिका बनाई गई थी। जिसे रात 10.30 बजे शुभ मुहूर्त में जलाया गया।
इसके साथ ही शहर के अन्य प्रमुख स्थल दाल बाजार, सनातन धर्म मंदिर आदि स्थानों पर होलिका दहन हुए हैं। होलिका दहन के बाद लोगांे ने एक दूसरे से गले मिलकर उनको होली की शुभकामनाएं देकर अबीर गुलाल लगाया। पूरे शहर में छोटी-बड़ी होली मिलाकर करीब एक हजार से ज्यादा स्थानों पर सार्वजनिक होलिका दहन किया गया है।
सराफा में जली सबसे ऊंची होली
शहर की सबसे बड़ी और ऊंची होली सराफा बाजार में जलाई गई, यहां की होली 10 फीट ऊंची बनाई गई थी। इसे विशाल रूप देने के लिए 30 हजार कंडे लगाए गए थे। होलिका दहन रात 10.30 बजे किया गया। इस दौरान मथुरा से आई मंडली रासलीला की प्रस्तुती दी। इसके बाद लोगो ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी।
होली का त्यौहार मनाया जा रहा है।
25 हजार कंडों से बनी दाल बाजार की होली जली
शहर की दूसरी सबसे बड़ी होली दाल बाजार में 25 हजार कंडों से तैयार हुई है। सराफा बाजार के बाद दाल बाजार भी शहर का प्रमुख व्यवसायिक पॉइंट है। यहां रात 8.30 बजे होलिका दहन किया गया है। इसके अलावा जीवाजी क्लब, अचलेश्वर मंदिर, सनातन धर्म मंदिर में भी होलिका दहन किया गया। संकट मोचन हनुमान बालाजी मंदिर गोलपाड़ा में मंदिर में भक्तों द्वारा चढ़ाए गए नारियलों से होलिका दहन भी हुआ।
