ग्वालियर में होली से पहले आधी रात पुलिस का टैररः कॉम्बिंग गश्त कर पुलिस ने पकड़े आधा सैकड़ा बदमाश, 8 पर मिले अवैध कट्टे
ग्वालियर. होली के रंग में कोई भंग न पड़े इसके लिए आधी रात को सड़कों पर निकलकर पुलिस ने टैरर दिया है। एसएसपी ग्वालियर अमित सांघी के निर्देश पर शहर और देहात मे कॉम्बिंग गश्त की गई। इसमें पुलिस ने आठ बदमाशों को अवैध हथियार सहित हिरासत में लिया है। इसके अलावा 15 स्थायी वारंटियों के गिरफ्तारी वारंट तामील कराए हैं। वहीं कुछ संदेही भी हिरासत में लिए हैं, करीब आधा सैकड़ा बदमाशों को पुलिस ने उठाया है। इनसे पूछताछ की जा रही है।
जो भी संदेही मिला उसे थाने ले जाकर पूछताछ की
एसएसपी अमित सांघी ने बताया कि होली पर सुरक्षा और असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाने के लिए रात भर कॉम्बिंग गश्त की गई। जिसमें सभी ASP, CSP, DSP, SDOP व TI अपनी-अपनी टीम के साथ निकले हैं और बदमाशों की धरपकड़ की है। इस दौरान सड़कों पर जो भी संदेही मिला उसे थाने ले जाकर पूछताछ की गई है। जब तसल्ली हो गई कि वह किसी अपराध में शामिल नहीं है और न ही कोई प्लानिंग है। उसके बाद ही घर जाने दिया गया।
रायफल, कट्टा और तलवार मिली
डबरा में पुलिस ने अभियान के दौरान एक गाड़ी में चार बदमाशों सुखदेव पुत्र प्रेम सिंह निवासी खडबई, राकेश पुत्र कैलाश गुर्जर निवासी दौलतपुर को अवैध रायफलों सहित और जसपाल पुत्र हरदीप सिख को कट्टे तथा दुल्हा सिंह गुर्जर पुत्र पंजाब सिंह गुर्जर को तलवार सहित पकड़ा है। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।
कट्टे सहित बदमाश दबोचे
मुरार थाना पुलिस ने कॉम्बिंग गश्त के दौरान मयंक पुत्र गोपी सिंह पवार और अनुज पुत्र राजेश गौड़ को दो कट्टों सहित पकड़ा है। वहीं महाराजपुरा थाना पुलिस ने गोलू उर्फ कृष्णा पुत्र हरेन्द्र डंगस को कट्टा सहित दबोचा है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों पर मामला दर्ज कर लिया है।
लाइन से लिए 250 जवान
कॉम्बिंग गश्त में ढील ना रहे इसे देखते हुए लाइन से ढाई सैकड़ा जवानों को लगाया गया, जिसमें एसटीएफ, क्यूआरएफ के साथ ही अन्य जवानों को लगाया गया था। प्रत्येक थाने को दस-दस जवान अतिरिक्त जवान दिए गए थे और हर थाने से तीन-तीन टीमें निकाली गई थीं, इन टीमों का प्रभारी सब इंस्पेक्टर को बनाया गया था।
चार दर्जन वारंट तामील
गश्त के दौरान पुलिस ने करीब चार दर्जन वारंट भी तामील कराए हैं। जिसमें डेढ़ दर्जन स्थायी वारंट तथा गिरफ्तारी वारंट तामील कराए।
