5 राज्यों में हार के बाद टूट की ओर कांग्रेस!:24 घंटे में आजाद के घर G-23 नेताओं की दूसरी मीटिंग, पत्रकारों को बुलाया; ले सकते हैं बड़ा फैसला
नई दिल्ली. 5 राज्यों में करारी हार के बाद कांग्रेस हाईकमान के खिलाफ G-23 नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। गुलाम नबी आजाद के घर पर G-23 नेताओं की 24 घंटे में दूसरी बैठक हो रही है। मीटिंग में आनंद शर्मा, कपिल सिब्बल और भूपिंदर सिंह हुड्डा समेत की दिग्गज नेता शामिल हैं। बैठक के लिए पत्रकारों को भी बुलाया गया है। माना जा रहा है कि G-23 के नेता कोई बड़ा फैसला कर सकते हैं। 5 राज्यों के चुनाव परिणाम आने के बाद आजाद के घर यह तीसरी बैठक हो रही है। पहली बैठक 11 मार्च को हुई थी, जबकि बुधवार को दूसरी बैठक बुलाई गई थी।
चिदंबरम की अपील– कांग्रेस न तोड़े G-23 के नेता
कांग्रेस की शर्मनाक हार के बाद लगातार पार्टी के भीतर उठ रहे विरोध के बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम ने गांधी परिवार का समर्थन किया है। बातचीत में चिदंबरम ने कहा कि हार के लिए सिर्फ गांधी परिवार को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने इस दौरान G-23 यानी कांग्रेस के असंतुष्ट नेताओं से पार्टी को विभाजित नहीं करने की अपील भी की।
AC कमरे की पॉलिटिक्स से बाहर निकले G-23 के नेता: अधीर
अधीर रंजन चौधरी G-23 नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि इन्हें पूछिए कि जब इनको मंत्री पद मिला था, तब लोकतांत्रिक तरीके से मिला था क्या? चौधरी ने आगे कहा कि सोनिया गांधी हरेक कांग्रेसी से मिलती हैं और बातों को सुनती हैं। G-23 के नेता AC कमरे की पॉलिटिक्स से बाहर निकलें।
