पंजाब के CM भगवंत मान का बड़ा ऐलान, 23 मार्च से शुरू होगी एंटी करप्शन हेल्पलाइन, WhatsApp से दर्ज होगी शिकायत
पंजाब. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। 24 घंटे में भगवंत मान ने पंजाब की जनता को लेकर बड़ा ऐलान कर दिया है। गुरुवार को उन्होंने प्रदेश के लोगों के लिए बड़ी घोषणा की। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि 23 मार्च शहीद दिवस (Shaheed Diwas) पर एंटी-करप्शन हेल्पलाइन (Anti-corruption helpline) शुरू की जाएगी। यही नहीं सीएम मान ने कहा कि प्रदेश के लोग व्हाट्सएप ( WhatsApp ) के जरिए भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इससे पहले सुबह ही सीएम मान ने ट्वीट के जरिए इस बात का संकेत दे दिया था, कि आज वे ऐतिहासिक फैसला लेने जा रहे हैं। जो अब तक किसी ने नहीं लिया होगा।
घूस मांगने वाले का वीडियो/ऑडियो बना करे मुझे भेजें
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, 23 मार्च को शहीद दिवस के मौके पर मैं एक हेल्पलाइन शुरू करूंगा, जो मेरा निजी व्हाट्सएप नंबर होगा। पंजाब में अगर कोई आपसे घूस मांगता है तो मना न करें, वीडियो/ऑडियो रिकॉर्डिंग बनाकर उस नंबर पर भेज दें।’ सीएम मान ने कहा कि, ‘मेरा कार्यालय मामले की जांच करेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।’ उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसी भी कीमत पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोगों को अपना काम खास तौर पर सरकार काम कराने के लिए किसी को रिश्वत या घूस देने की जरूरत नहीं है।
