ग्वालियर में तीन दिन भरपूर मिलेगा पानी, होली पर पानी की रहेगी विशेष व्यवस्था
ग्वालियर. होली रंगों का त्यौहार है, लेकिन उस दिन पानी का भी विशेष महत्व रहता है। इस दिन पूरे ग्वालियर में सबसे ज्यादा पानी खर्च होता है। अभी शहर में पानी की एक दिन छोड़कर देने की व्यवस्था है, लेकिन होली के पर्व के चलते नगर निगम ग्वालियर ने फैसला लिया है कि अगले तीन दिन प्रतिदिन सभी टंकियों से जल दिया जाएगा। जिससे आम लोग होली के पर्व को आसानी से मना सकें। अधीक्षण यंत्री पीएचई आर एल एस मौर्य ने बताया है कि निगम प्रशासक आशीष सक्सैना एवं निगमायुक्त किशोर कन्याल के निर्देश पर आम नागरिकों को होली के पावन पर्व पर कोई असुविधा न हो, इसलिए 18 मार्च से 20 मार्च तक नियमित सभी टंकियों से पानी की सप्लाई की जाएगी। अगले तीन दिन तक पानी की सप्लाई की घोषणा करने के साथ-साथ नगर निगम के अफसरों ने सभी शहरवासियों से आग्रह किया कि सभी नागरिक पानी का उपयोग कम से कम ही करें, जिससे उनके आगे रहने वालों तक भी सुगमता से पानी पहुंच सके। इसके साथ ही अपने नलों में टोंटियां लगाकर रखें जिससे पानी का अपव्यय न हो। साथ बताया कि पानी उसी समय पर आएगा जिस समय पर रोज आता है। उसके समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
