ग्वालियर बस स्टैंड पर 745 किलो मिला लावारिस मावा
ग्वालियर. होली से पहले नकली व मिलावटी मावा की तस्करी शुरू हो गई है। रविवार को फूड विभाग ने बस स्टैंड से 745 किलो लावारिस मावा पकड़ा है। इस मावा का कोई दावेदार नहीं मिला है। मावा की डलियों पर भोपाल के अरविंद, रोहित व इंदौर के व्यापारियों के नाम लिखे हैं। इससे आशंका है कि यह मावा यहां से इंदौर-भोपाल रवाना किया जाना था। फूड विभाग ने मावा जब्त कर लिया है। मावा कितना अमानक है इसका पता लगाने सैंपल भी ले लिए हैं। अब 24 घंटे तक यह मावा फूड विभाग के दफ्तर में रखा जाएगा। यदि कोई दावेदार सामने नहीं आया तो नष्ट कर दिया जाएगा। जब्त मावा की कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपए बताई गई है।
यह है पूरा मामला
ग्वालियर होली जैसे महापर्व पर मिलावटी मावा धड़ल्ले से ग्वालियर चंबल अंचल से दूरदराज शहरों में भेजा जा रहा है। इसका खुलासा रविवार शाम उस समय हुआ जब स्थानीय अंतर्राज्यीय बस स्टैंड से 17 डलिया मावा जब्त किया गया। इसके मिलावटी होने का शक जताया गया है। खास बात यह है कि बस स्टैंड पर जब्त इस मावा को कोई अपना बताने आगे नहीं आया। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम करीब 2 घंटे तक बस स्टैंड पर रही, लेकिन ना तो बस संचालकों ने उसके मालिक का खुलासा किया और ना ही कोई इस मावे पर अपना मालिकाना हक जताने आगे आया।
