ग्वालियर में दलित RTI एक्टिविस्ट के हाथ-पैर की कई हड्डियां तोड़ीं व मुंह में की पेशाब
ग्वालियर. पनिहार में एक दलित RTI एक्टिविस्ट को महिला सरपंच ने अपने पति, बेटों व समर्थकों से पिटवाया है। सरपंच पति व बेटों ने RTI एक्टिविस्ट को लाठियों, बंदूक के बट से पीट-पीटकर हाथ पैर तोड़ दिए। इतना ही नहीं उसे जाति सूचक गालियां देते हुए सभी ने उसके मुंह में पेशाब कर दी। जब RTI एक्टिविस्ट की पत्नी उसे बचाने आई तो उसके साथ भी हाथ पकड़कर अभद्रता की है। यह घटना 23 फरवरी सुबह 10.30 से 11 बजे के बीच बरई पंचायत भवन की है। पुलिस ने घायल की पत्नी की शिकायत पर मारपीट, छेड़छाड़ व घेरकर मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने का मामला प्राथमिक तौर पर दर्ज किया था। इस मामले ने तूल पकड़ लिया है। दिल्ली तक मामले की शिकायत की भीम आर्मी के माध्यम से की गई है। जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में हत्या के प्रयास की धारा 307 और जोड़ दी है। पुलिस ने अभी तक सिर्फ दो लोगों की ही गिरफ्तारी की है। सरपंच, सरपंच पति, उसके बेटे अभी तक नहीं पकड़े गए हैं।
क्या है पूरा मामला
बरई निवासी शशिकांत चौकोटिया के साथ मारपीट हुई है। शशिकांत की पत्नी रेणू ने पुलिस को बताया कि पति शशिकांत ने RTI लगाकर सरंपच आशा कौरव द्वारा अपने कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यो की जानकारी मांगी थी। इस पर सरंपच खफा थी। 23 फरवरी सुबह 10.30 से 11 बजे की बात है। पति ने मुझे मेरी स्कूटी लेने के लिए पंचायत भवन बुलाया था। कुछ देर बाद मैं वहां पहुंच गई। देखा तो पंचायत भवन से चिल्लाने की आवाज आ रही थी। वहां मौजूद कुछ लोगों से पूछा कि किसके चिल्लाने की आवाज है। इस पर मुझे बताया कि सरपंच आशा सरनाम कौरव के लोग तुम्हारे पति को पीट रहे है। मैं तुरंत ही दरवाज खोलकर अंदर पहुंची तो देखा कि सरंपच और उसके दोनों बेटे, अन्य कुछ लोग मेरे पति को लाठी डंडे और बंदूक से पीट रहे थे। मारपीट में उनके दोनों हाथ-पैर टूट गए। मैंने बचाने का प्रयास किया तो हमलावरों ने मेरा हाथ पकड़ लिया और मुझे भी पीटा।
मारपीट करने के बाद मुंह में पेशाब कर दी
घायल RTI एक्टिविस्ट की पत्नी ने बताया कि मारपीट करने के बाद हमलावरों ने मिलकर मेरे पति के मुंह में पेशाब कर दी। मैं चिल्लायी तो यह लोग भागे और धमकाते हुए गए कि अगर दोबारा RTI लगाई तो जान से मार देंगे। हमलावरों में सरपंच पति सरनाम कौरव, सरपंच आशा कौरव सहित 7 लोगों पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने अभी तक हमलावर भूरा कौरव और गौतम कमरिया को गिरफ्तार कर लिया है।
