4 साल का मासूम बोरवेल के गड्ढे में गिरा, 30 फीट की गहराई पर फंसा
उमरिया. मासूम की जान मुश्किल में फंस गई है, यहां 4 साल का बच्चा बोरवेल के गड्ढे में गिर गया। बोर करीब 150 से 200 फीट गहरा है। बताया जा रहा है कि बच्चा सुबह 11 बजे से करीब 30 फीट की गहराई पर फंसा है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, फिलहाल उसे सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। देर रात 11 बजे तक बच्चे को बाहर नहीं निकाला जा सका।
जेसीबी की मदद से गड्ढे के पैरलल खुदाई की जा रही
जानकारी के अनुसार मामला मानपुर विकास खंड के बरछड गांव का है। बच्चे का नाम गौरव पिता संतोष दुबे है। सुबह करीब 11 बजे गौरव खेलते-खेलते खेत में बने बोरवेल के गड्ढे में गिर गया। मौके पर पहुंचे अधिकारी लगातार बोरवेल के गड्ढे में ऑक्सीजन पहुंचा रहे है। जेसीबी की मदद से गड्ढे के पैरलल खुदाई की जा रही है और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी पहुंच गए है। वहीं एनडीआरएफ के असिस्टेंट कमांडेंट दिनेश ने बताया कि बोरवेल में जहां बच्चा फंसा है वहां के पैरलल टनल बनाने की तैयारी है। मिट्टी थोड़ी सख्त होने से खुदाई में दिक्कत आ रही है, मौके पर कलेक्टर समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी तैनात है। पुलिस ने पाइप के जरिए बोर के अंदर ऑक्सीजन बच्चे तक सप्लाई कर रही है। आपदा प्रबंधन विभाग का दल भी मौके पर पहुंच गया है। घटना की जानकारी पर कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव और पुलिस अधीक्षक भी वहां पहुंचे।
