MP के कुण्डलपुर-बांदकपुर को पवित्र क्षेत्र का दर्जा, दोनों क्षेत्रों में 4 किमी के दायरे में मांस.मदिरा बेचने पर लगेगा प्रतिबंध
दमोह. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने जैन तीर्थ कुण्डलपुर और बांदकपुर को पवित्र क्षेत्र बनाने की घोषणा की है, उन्होंने कहा कि इन दोनों स्थानों पर मांस और मंदिरा के विक्रय पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। कुण्डलपुर के चार किलोमीटर के दायरे में यह प्रतिबंध लागू रहेगा। दमोह के कुण्डलपुर जैन तीर्थी क्षेत्र में इन दिनों पंचकल्याणक गजरथ महोत्सव चल रहा है।
इस धार्मिक आयोजन में सीएम शिवराज सिंह अपनी पत्नी साधना के साथ पहुंचे। इसके अलावा मंत्री गोपाल भार्गव और पूर्व मंत्री जयंत मलैया भी मौजूद थे। दोपहर करीब 1.30 बजे मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से कुण्डलपुर पहुंचे और बड़े बाबा के दर्शन किए। वहां से लौटने के बाद आयोजन स्थल पहुंचे। यहां उन्होंने आचार्य श्री विद्यासागर महाराज का आशीर्वाद लिया।
सीएम बोले कुण्डलपुर अद्भुत तीर्थ क्षेत्र
इस आयोजन के दौरान मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में कहा कि कुण्डलपुर तीर्थ क्षेत्र एक अद्भुत तीर्थ क्षेत्र है। मध्य प्रदेश सरकार की तरफ से वे फैसला करते हैं कि कुण्डलपुर को पवित्र क्षेत्र घोषित किया जाएगा। इसके साथ ही बांदकपुर को भी पवित्र क्षेत्र घोषित किया जाएगा।
