टी-20 में नंबर 1 बनी टीम इंडिया, वेस्टइंडीज को 17 रनों से हराया
कोलकाता. टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को तीसरे और आखिरी टी-20 मैच में 17 रन से हराकर 3 मैचों की सीरीज में क्लीन स्वीप कर लिया है। वेस्टइंडीज के सामने 185 रन का टारगेट था, जिसके जवाब में टीम में 167/9 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई। निकोलस पूरन (61) टॉप स्कोरर रहे। भारत की ओर से हर्षल पटेल और शार्दूल ठाकुर ने 3-3 विकेट चटकाए। रोहित ब्रिगेड ने इससे पहले 3 मैचों की वनडे सीरीज के भी सभी मुकाबले जीते थे।
इससे पहले टीम इंडिया ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 184/5 का स्कोर बनाया था। सूर्यकुमार यादव (65) टॉप स्कोरर रहे, जबकि वेंकटेश अय्यर ने 35 रन की नाबाद पारी खेली। WI की ओर के जेसन होल्डर, रोस्टन चेज, हेडन वॉल्श, रोमारियो शेफर्ड और डोमिनिक ड्रेक्स ने 1-1 विकेट लिया।
6 साल बाद T-20 में नंबर 1
भारत 6 साल के लंबे इंतजार के बाद ICC टी-20 रैंकिंग में पहले पायदान पर पहुंचा है। इससे पहले टीम 3 मई 2016 को टी-20 रैंकिंग में नंबर 1 बनी थी। उस समय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी थे। धोनी के बाद रोहित ने टीम को पहले स्थान पर पहुंचाया। एमएस धोनी के बाद विराट कोहली को टीम का कप्तान बनाया गया था, लेकिन वह अपनी लीडरशिप में टीम को नंबर-1 नहीं बना सके।
