ग्वालियर में मंदिर से लौट रहे युवक को पांच बदमाशों ने घेरकर गोली मारी

ग्वालियर. गणेशपुरा में मां-भाभी के साथ मंदिर से दर्शन कर लौट रहे युवक को दो बाइक पर सवार होकर आए पांच बदमाशों ने घेर लिया। बदमाशों ने युवक को घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। एक गोली युवक के पेट में लगी है और वह घायल हो गया। गोली मारने के बाद हमलावर भाग गए। घटना मंगलवार रात गणेशपुरा बिजौली की है। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला
तिकोनिया पार्क मुरार निवासी अभिषेक मौर्य अपनी मां और भाभी के साथ मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। अभी वह बड़ागांव के पास गणेशुपरा में पहुंचे ही थे कि पीछे से दो बाइक पर सवार होकर आए पांच बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। बदमाश अभिषेक के साथ मारपीट करने लगे। अभिषेक की मां और भाभी कृष्णा ने जब इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उनके साथ भी अभद्रता की। इसके बाद अभिषेक ने भागने का प्रयास किया तो हमलावरों ने फायर कर दिया। गोली उसके पेट और कमर के बीच में लगी है। गोली लगते ही अभिषेक वहीं गिर पड़ा और हमलावर उसे मरा समझकर भाग गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया है। फिलहाल उसकी हालत नाजुक है। हमलावरों में दो की पहचान लक्कू सैनी और शिवराज सैनी के रूप में हो गई है, शेष तीन की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।

10 दिन पहले हमलावरों ने धमकी दी थी
घायल युवक के परिजन के मुताबिक 10 दिन पहले भी हमलावरों ने उसे देख लेने की धमकी दी थी। इस हमले में लक्कू सैनी और शिवराज सैनी दो युवकों के नाम सामने आए हैं, जबकि 3 लोग अज्ञात हैं। बिजौली पुलिस ने लक्कू सैनी और शिवराज सैनी सहित 5 लोगों के खिलाफ हत्या की कोशिश का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना की बारीकी से जांच कर रही है घायल युवक का जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रामा सेंटर में इलाज किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *