साइंस कालेज की जमीन पर अतिक्रमण का सीमांकन हो रहा है, 22 संपत्तियों पर तलवार, आज फिर करेंगे नपाई
ग्वालियर. झांसी रोड स्थित माधवराव सिंधिया विज्ञान महाविद्यालय (साइंस कालेज) की जमीन पर हरीशंकरपुरम के तीन स्कूल सहित 22 संपत्तियों जद में आ रही हैं। इनमें एक स्कूल सहित 13 संपत्ति ताे ऐसी हैं जिनका शत प्रतिशत हिस्सा साइंस कालेज की जमीन पर बना हुआ है। शुक्रवार से शुरू हुए साइंस कालेज के सीमांकन के दौरान राजस्व टीम ने यह पाया था। अब सोमवार को फिर सीमांकन की कार्रवाई होगी। इसमें और भी संपत्ति सामने आ सकती हैं।
राजस्व अमले ने बताया कि साइंस कालेज की जमीन 74 बीघा और छह बिस्वा में है। इससे पहले 2017 और उससे पहले एक और बार सीमांकन की कार्रवाई हो चुकी है। जो 22 संपत्तियां साइंस कालेज की जमीन पर आ रही हैं उसमें इसीएस बैगलेस स्कूल, सेवन आइ स्कूल और रामश्री किडस सहित 22 संपत्ति शामिल हैं। रामश्री किडस का 80 फीसद हिस्सा साइंस कालेज की जमीन पर है,साथ ही कुल 13 संपत्ति ऐसी हैं जो पूरी कालेज की जमीन पर बनी हैं। यह जनहित गृह निर्माण समिति ने बसाईं थीं और पूर्व में सीमांकन के बाद समिति कोर्ट में गई थी जिसमें पूर्व में रहे प्राचार्य ने कोर्ट में राजीनामा कर लिया था और इसके बाद नींवनुमा सीमा बना ली गई। प्राचार्य ने कैसे सरकारी जमीन पर राजीनामा कर लिया यह हैरत की बात है। इसके बाद कुछ समय पहले जब सीमांकन फिर हुआ तो समिति की ओर से कोर्ट का आर्डर दिखाया गया तो सीमांकन नहीं हो सका।
आरआइ संजय अगरैया ने बताया कि साइंस कालेज की जमीन का सीमांकन कराया जा रहा है। इसके लिए आरआइ और पटवारी की टीम वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से गठित की गई है। शुक्रवार से सीमांकन शुरू कराया गया है। इसमें शुक्रवार को 22 संपत्तियां ऐसी सामने आईं तो कालेज की जमीन पर हैं।
