पॉश कालाेनियाें में चोरी करने वाली गैंग के चार सदस्य गिरफ्तार

ग्वालियर. लंबे समय बाद पुलिस के हाथ चोरों की गैंग लगी है। यूनिवर्सिटी थाना पुलिस ने चोरों की चार सदस्यीय गैंग को शनिवार की रात को पकड़ा है। आरोपिताें ने पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद छह चोरियां करना कबूल किया है। पुलिस ने आरोपित के पास से साढ़े तीन लाख रुपये की कीमत के सोने के गहने व अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस आरोपित से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। आरोपित पॉश कालोनियों के सूने घरों को निशाना बनाते थे।

एएसपी राजेश दंडौतिया ने बताया कि यूनिवर्सिटी व थाटीपुर थाना क्षेत्र में पिछले दो माह में हुई चोरी की वारदातों में पड़ताल की जा रही थी। इन चोरियों का खुलासा करने के लिए यूनिवर्सिटी थाना प्रभारी एके वाजवेयी व उनकी टीम को लगाया गया था। जांच में श्रीनगर कालोनी के तीन युवक संदेह के घेरे में आए। इनकी गतिविधियों के संबंध में तस्दीक करने पर पता चला कि यह युवक चोरी की वारदातों में लिप्त हो सकते हैं। पुलिस ने संदेहियों को थाने लाकर पूछताछ की। संदेहियों ने चोरियां करना कबूल कर लिया। आरोपित ने अपने एक और साथी का नाम उगल दिया, जो कि मेला परिसर के पीछे स्थित पंचशील नगर का रहने वाला है।

पुलिस ने कार्तिक पुत्र संतोष राजे निवासी मेला परिसर पंचशील नगर, राहुल पुत्र रामबरन जाटव, अनिल पुत्र राजेश बाल्मीकि, रघु पुत्र रूप सिंह प्रजापति निवासी श्रीनगर कालोनी थाटीपुर को पकड़ा है। आरोपिताें ने यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र की चार व थाटीपुर थाना क्षेत्र की दो चोरियों का राज उगल दिया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *