सीईओ ने 4 साल की मासूम का करा दिया था निकाह
विदिशा. जिले के सिरोंज जनपद में श्रमिकों के लिए लागू विवाह सहायता योजना में 30 करोड़ रुपये के घोटाले में रोज नए-नए तथ्य सामने आ रहे है। इसमें एक चार साल की मासूम का निकाह कराने का मामला सामने आया है। जनपद सीईओ शोभित त्रिपाठी ने इस मासूम की अधिक उम्र दर्शाकर कागजों पर निकाह करा दिया और विवाह सहरायता के रूप में 51 हजार रुपये निकाल लिए। घोटाले की जांच कर रहे आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) के अधिकारी जब योजना के लाभार्थियों की खोजबीन करते ग्राम देहरी जागीर पहुंचे तो पता चला कि इस गांव में जिस शाहरूख खान की बेटी के निकाह पर 51 हजार रुपये की सहायता राशि जारी की गई थी उसे राशि मिली ही नहीं है।
शाहरुख ने सरकारी राशि मिलने से इन्कार कर दिया। शाहरुख का यह भी कहना था कि उनकी बेटी तो मात्र चार साल की है, वे उसका निकाह कैसे कर सकते हैं। ईओडब्ल्यू के जांच अधिकारी राकेश सिंह बघेल कहते हैं कि अब तक वे करीब 200 लोगों से पूछताछ कर चुके हैं, जिसमें 80 फीसद लाभार्थियों को राशि नहीं मिली, जबकि दस्तावेजों में उनके नाम पर राशि निकाल ली गई है।
