नई सब्जीमंडी में बुनियादी सुविधाओं की कमी न रहे – प्रभारी मंत्री
ग्वालियर इंटक मैदान परिसर में स्थापित नई सब्जी मंडी में पानी, बिजली, रोशनी, सड़क और साफ-सफाई की पुख्ता व्यवस्था रहे। इसमें किसी भी प्रकार की ढ़िलाई न हो। इस आशय के निर्देश जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने नगर निगम के अधिकारियों को दिए। श्री सिलावट शुक्रवार को ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्नसिंह तोमर के साथ नई सब्जी मंडी के कारोबारियों से रूबरू हुए।
इंटक मैदान स्थित सब्जी मंडी में सब्जी व फल विक्रेताओं की दुकानों पर पहुँचकर उनकी कुशल क्षेम पूछी। साथ ही कहा कि सरकार आपकी सुविधाओं व हितों का पूरा ध्यान रखेगी। सरकार इस बात के लिये कृत संकल्पित है कि आप सब बेहतर वातावरण में बैठकर अपना व्यवसाय कर सकें और आपकी आमदनी में भी बढ़ोत्तरी हो। उन्होंने इस अवसर पर एक हाथ ठेले से केले भी खरीदे।
नई सब्जी मंडी के सभी विक्रेताओं ने खुशी जाहिर करते हुए प्रभारी मंत्री से कहा कि इंटक मैदान में जगह मिल जाने से हम सभी कारोबारी खुश हैं। ऊर्जा मंत्री की पहल पर यहाँ साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय व रोशनी की पुख्ता व्यवस्था की गई है।
इस दौरान कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं नगर निगम आयुक्त तथा क्षेत्रीय जनप्रतिनिधिगण व संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
