ग्वालियर में नर्सिंग होम में फायरिंग, कमरे से कट्‌टा और कारतूस मिला

ग्वालियर. शिंदे की छावनी में स्थित नर्सिंग होम में गुरुवार शाम अचानक गोली चलने से एक व्यक्ति घायल हो गया। चीनोर थाना क्षेत्र में रहने वाले घायल सरबजीत सिंह अस्पताल में बुधवार से भर्ती किसी सतपाल को मिलने आया था। वह सुबह से ही अस्पताल में था। शाम चार बजे जब डॉक्टर संजीव थरेजा अस्पताल में राउंड ले रहे थे, तभी उन्होंने गोली चलने की आवाज सुनी। इस बीच, घायल व्यक्ति अस्पताल के स्टाफ से झूमाझटकी करता हुआ वहां से चला गया। बाद में वह सीधे इंदरगंज थाने पहुंचा। घायल का अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में भागते हुए फुटेज भी सामने आया है। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

डॉक्टर संजीव थरेजा ने गोली मारी
घायल व्यक्ति के मुताबिक उसे डॉक्टर संजीव थरेजा ने गोली मारी है। दोनों के बीच क्या पुरानी दुश्मनी है, इसका पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है। पुलिस को मौके से एक कट्टा और चला हुआ कारतूस मिला है। इधर, घायल सरबजीत सिंह को जयारोग्य अस्पताल समूह के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। उसके बाएं कंधे के नीचे गोली लगने का घाव बताया गया है। फिलहाल पुलिस घायल सरबजीत सिंह से विस्तार से पूछताछ नहीं कर सकी है।

सीडीआर से घटना की वास्तविकता पता कर रहे हैं।
डीएसपी क्राइम विजय भदौरिया का कहना है कि इस व्यक्ति ने ही खुद को गोली मारी हो या किसी ने उसे टारगेट किया हो, दोनों ही आशंका पर जांच कर रही है। अस्पताल में लगे सीसीटीवी में घायल व्यक्ति जाता दिख रहा है। पुलिस अन्य कैमरों की सीडीआर से भी घटना की वास्तविकता पता करने की कोशिश कर रही है ।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *