भोपाल सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को भेजा अश्लील वीडियो, वीडियो रिकॉर्ड भेजकर रुपए मांगे

भोपाल. बीजेपी सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को अश्लील वीडियो कॉल करके फंसाने की कोशिश की गई है। सांसद ने वीडियो कॉल डिस्कनेक्ट कर दिया। इसके बाद कॉल करने वाले ने वीडियो रिकॉर्ड भेजकर रुपए मांगे। सांसद को ये कॉल रविवार शाम को दो अनजान नंबरों से आए थे। आरोपियों ने सांसद प्रज्ञा से अशब्द कहते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। सांसद प्रज्ञा ने देर रात टीटी नगर पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने छेड़छाड़, गाली-गलौज और जान से मारने की धाराओं में FIR दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

साइबर फ्रॉड में फंसाने की कोशिश
सांसद साध्वी प्रज्ञा ने बताया कि रविवार शाम 7 बजे एक लड़की का वाट्सऐप पर वीडियो कॉल आया। कुछ देर बाद लड़की ने अपने कपड़े उतारना शुरू कर दिए। उन्होंने तत्काल फोन डिस्कनेक्ट कर दिया। यह वीडियो कॉल मोबाइल नंबर 6371608664 से आया था। कुछ ही समय बाद एक अन्य नंबर 8280774239 से उनके पास उसी लड़की का रिकॉर्डेड वीडियो आया। आरोपी ने फोन कर मांग नहीं मानने पर उनका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी दी। मामले की गंभीरता को समझते हुए सांसद प्रज्ञा ने तत्काल टीटी नगर पुलिस को सूचित कर दिया।

साइबर पुलिस की मदद ली जा रही
टीटी नगर टीआई चेन सिंह रघुवंशी ने बताया कि सांसद के बंगले से फोन आने के बाद आरोपियों के खिलाफ FIR कर ली है। आरोपियों ने पहले सांसद को अश्लील फोटो भेजे। उसके बाद फोन कर उनसे अपशब्द कहे और जान से मारने की धमकी दी। नंबरों को ट्रेस करने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *