कोरोना के केस कम हुए तो 31 जनवरी के बाद खुलेंगे स्कूल- सीएम शिवराज सिंह
राजगढ. कोरोना के कारण स्कूल बंद है। 31 जनवरी के पहले हम एक बार फिर से समीक्षा करेंगे। अगर कोरोना के केस कम हुए तो फिर से स्कूल खोलने को लेकर हम विचार करेंगे ओर पढ़ाई चालू हो इसकी व्यवस्था हम करेंगे। बच्चों के स्वास्थ्य व सुरक्षा को देखते हुए हम फैसला लेंगे। पीपल्या कला गांव में हाई स्कूल के साथ हायर सेकेंडरी की बिल्डिंग भी यहां पर निश्चित तौर पर बनवा दी जाएगी। सामुदायिक भवन की भी मांग आई है। वह भी बनवा दिया जाएगा, स्थान तय कर लें। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पीपल्या कला गांव में ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए कही।
मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों से पूछा कि क्या यहां आवास प्लस का सर्वे हो गया। इसके बाद आगे कहा कि आवास प्लस के तहत जो गरीब हैं व प्रधानमंत्री आवास योजना में 2011 के तहत जो गरीब हैं उनमें से 98 हजार लोगों लाभ मिल गया है। 1 लाख लोग बचे हैं उनको भी आवास योजना देने का काम करेंगे। आगे कहा कि जिस छोटे घर मे एक से अधिक परिवार रह रहे हैं उनके लिए मुख्यमंत्री भू-आवासीय अधिकार योजना चालू की है। जिनके पास रहने की जमीन नही है। ऐसे परिवारों को रहने की जमीन का पट्टा देकर उनको जमीन का मालिक बनाया जाएगा।
