नए ओमिक्रॉन ने उड़ाई दुनिया की नींद, भारत में दस्तक, RT-PCR टेस्ट से भी पकड़ना मुश्किल
नई दिल्ली. कोरोना का नया वैरिएंट ओमिक्रॉन लगभग पूरी दुनिया में अपने पैर पसार चुका है। अब ओमिक्रॉन के तेजी से फैल रहे एक नए सब-स्ट्रेन (BA.2) ने दुनिया की नींद उड़ा दी है। ओमिक्रॉन के सब-वैरिएंट से इसलिए भी ज्यादा खतरा है, क्योंकि RT-PCR टेस्ट भी इसे पकड़ नहीं पा रहे हैं। अब तक ये नया सब-वैरिएंट दुनिया के भारत समेत 40 देशों में दस्तक दे चुका है और माना जा रहा है कि ये वैरिएंट बहुत तेजी से दुनिया के बाकी देशों में भी फैल सकता है।
ओमिक्रॉन के नए सब-स्ट्रेन से ताजा लहर का खतरा
कोरोना वैरिएंट ओमिक्रॉन के एक नए सब वैरिएंट BA.2 की पहचान की गई है। इसे ‘स्टेल्थ ओमिक्रॉन’ कहा जा रहा है। ये नया सब वैरिएंट ओमिक्रॉन के बाकी स्ट्रेन को पीछे छोड़ते हुए दुनिया के कई देशों में तेजी से फैल रहा है। कुछ एक्सपर्ट इसे कोरोना का नया वैरिएंट और कुछ ‘ओमिक्रॉन का भाई’ बता रहे हैं। ‘स्टेल्थ ओमिक्रॉन’ कहे जा रहे इस सब वैरिएंट के केस भारत समेत दुनिया के 40 देशों में पाए जा चुके हैं। ‘स्टेल्थ ओमिक्रॉन’ को पहले के स्ट्रेन से भी ज्यादा तेजी से फैलने वाला माना जा रहा है और इससे दुनिया में कोरोना की और भी भयावह लहर आने का खतरा पैदा हो गया है।
दुनिया भर के हेल्थ एक्सपर्ट और वैज्ञानिक ओमिक्रॉन के नए सब वैरिएंट या ‘स्टेल्थ ओमिक्रॉन’ की जांच में जुट गए हैं। कोरोना का ये नया सब-वैरिएंट यूरोप के बाद अब एशियाई देशों में भी तेजी से फैल रहा है। अभी ये नहीं पता चल पाया है कि ‘स्टेल्थ ओमिक्रॉन’ का पहला केस दुनिया में कहां मिला था। WHO के मुताबिक, कोरोना के नए सब वैरिएंट के 40 से ज्यादा देशों में 8 हजार से ज्यादा केस मिल चुके हैं।
भारत ने स्टेल्थ ओमिक्रॉन के 526 सैंपल को GISAID के पास भेजा है। INSACOG ने कहा कि देश में स्टेल्थ ओमिक्रॉन के मामले बड़ी संख्या में मिल रहे हैं। ब्रिटेन में कोरोना के नए सब-वैरिएंट का पहला केस 6 दिसंबर 2021 को ही मिला चुका था और अब तक वहां इसके 400 से ज्यादा केस मिल चुके हैं। जिन देशों में कोरोना के नए सब वैरिएंट के केस मिले हैं, उनमें भारत, ब्रिटेन, अमेरिका, डेनमार्क, जर्मनी, फ्रांस, नॉर्वे, स्वीडन, ऑस्ट्रेलिया और सिंगापुर जैसे देश शामिल हैं।
