ग्वालियर में तीसरी लहर की चपेट में जूडा, GRMC के 110 जूनियर डॉक्टर अब तक संक्रमित
ग्वालियर. कोरोना की तीसरी लहर ने सबसे ज्यादा डॉक्टर्स को संक्रमित किया है। गजराराजा मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टर जयारोग्य अस्पताल के विभिन्न वार्डों में ड्यूटी करते समय संक्रमण की चपेट में आए है, सबसे ज्यादा डॉक्टर मेडिसिन और स्त्री रोग विभाग के संक्रमित हुए है। डॉक्टर के संक्रमण की चपेट में आने के कई कारण है। जयारोग्य अस्पताल में रैपिड एंटीजन टेस्ट अभी बंद है। वहीं अस्पताल में आने वाले मरीजों के टेस्ट नहीं हो पा रहे हैं। ऐसे में बिना जांच के ही डॉक्टरों को मरीजों को हैंडल करना पड़ रहा है। रैपिड एंटीजन टेस्ट कराने जूड़ा ने डीन, जेएएच अधीक्षक को ज्ञापन देकर अल्टीमेटम दिया है, जिससे जल्द जांच शुरू नहीं कर गई तो वह आगे की रणनीति बनाएंगे।
20 दिन में इनमें से 110 जूनियर डॉक्टर संक्रमित
GRMC (गजराराजा मेडिकल कॉलेज) ग्वालियर के 220 जूनियर डॉक्टर इस समय JAH(जयारोग्य हॉस्पिटल) के विभिन्न विभागों में ड्यूटी कर रहे हैं। बीते 20 दिन में इनमें से 110 जूनियर डॉक्टर संक्रमित हो चुके हैं। जिससे डॉक्टरों के जीवन पर संकट तो पैदा होता ही है साथ ही अस्पताल में इस संकट के दौर में स्वास्थ्य व्यवस्थाएं भी लड़खड़ा जाती हैं, क्योंकि जितने जूनियर डॉक्टर ड्यूटी कर रहे हैं उनमें से हर दूसरा डॉक्टर संक्रमित है। कोरोना की तीसरी लहर में संक्रमित होने वाले जूनियर डॉक्टरों में सबसे ज्यादा संक्रमित 50 जूडा जेएएच मेडिसिन और स्त्री रोग विभाग में ड्यूटी करते हुए संक्रमित हुए हैं। इसके बाद ENT विभाग में 12, बाल एवं शिशुरोग विभाग में 10 से ज्यादा संक्रमित रिकॉर्ड हुए हैं।
