ग्वालियर में सीएम के आगमन पर हिंदू महासभा ने लहराए काले झंडे
ग्वालियर. सोमवार शाम को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को ग्वालियर आए, लेकिन उससे पहले ही हिंदू महासभा ने बगावती तेवर दिखा दिए हैं। उन्होंने हिंदू महासभा व सड़कों पर सीएम के आगमन से पूर्व ही काले झंडे लगा दिए हैं। सीएम के विरोध में काले लगाने से प्रशासन के हाथ पांव फूल गए हैं। हिमस के नेताओं का कहना है कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की इंडिया गेट पर मूर्ति लगवा रहे हैं दूसरी ओर प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह को तीन साल से ताले में बंद स्वतंत्रता के लिए लड़ने वाले वीर सावरकर का ध्यान तक नहीं है। शाम को सीएम का कार्यक्रम है और यह काले झंडों ने पुलिस और प्रशासन की नींद उड़ा दी है।
तीन साल से ताले में बंद वीर सावरकर की प्रतिमा
हिंदू महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयवीर भारद्वाज ने बताया कि भारत के 73वें गणतंत्र दिवस के मौके पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की इंडिया गेट पर मूर्ति लगाकर उनको सम्मान दिया है और दूसरी ओर मध्यप्रदेश के ग्वालियर में देश की स्वतंत्रता के लिए अपने परिवार की आहुति देने वाले महान राष्ट्रभक्त स्वतंत्र वीर विनायक दामोदर सावरकर का मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को ध्यान तक नहीं है। तीन साल से ताले में बंद वीर सावरकर की प्रतिमा को आमजन के लिए नहीं खोलना उनका अपमान है। गणतंत्र दिवस पर वीर सावरकर का अपमान करने वाली भाजपा सरकार की अखिल भारत हिंदू महासभा ने कटु शब्दों में निंदा की है और सोमवार शाम मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के ग्वालियर आगमन पर काले झंडे लगाकर विरोध किया है।
