ग्वालियर शहर के भ्रमण पर निकले मुख्यमंत्री
रैन बसेरा, दीनदयाल रसोई, वन स्टॉप सेंटर का किया निरीक्षण, दीदियों की सफलता की दास्तां से रूबरू होने भी पहुँचे
ग्वालियर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान सोमवार की रात केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर के साथ ग्वालियर शहर के भ्रमण पर निकले। इस दौरान उन्होंने रैन बसेरा व दीनदयाल रसोई का निरीक्षण किया तो संभागीय ग्रामीण हाट बाजार पहुँचकर महिला सशक्तिकरण की नई इबारत लिख रहीं स्व-सहायता समूहों की दीदियों की सफलता की दास्तां सुनीं। साथ ही मंशापूर्ण हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद वहाँ आश्रय लेने वाले श्रमिकों और असहाय लोगों के बीच बैठकर उनकी दु:ख तकलीफ सुनी। इसी कड़ी में जेएएच परिसर पहुँचकर जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र एवं वन स्टॉप सेंटर का जायजा भी लिया।

रैन बसेरा में रह रहे लोगों से पूछा कैसे हैं हालचाल
मुख्यमंत्री ग्वालियर शहर के भ्रमण के दौरान सबसे पहले बस स्टेण्ड परिसर स्थित रैन बसेरा पहुँचे और वहाँ निवासरत लोगों के हालचाल जाने। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पूछा कि आप सब यहाँ कैसे पहुँचे और यहां की सुविधायें कैसी हैं। मुरादाबाद उत्तरप्रदेश से कोर्ट में तारीख पर आए श्री जयवीर सिंह का कहना था कि हमें इंटरनेट के जरिए रैन बसेरा के बारे में पता चला।

जब मानवती के आग्रह पर खिंचवाई सेल्फी…
बस स्टेण्ड परिसर में संचालित दीनदयाल रसोई में भी मुख्यमंत्री पहुँचे। साथ ही वहाँ भोजन ग्रहण कर रहे लोगों से चर्चा की। शिवपुरी से अपने पिता दुर्जनलाल कुशवाह के साथ पुलिस भर्ती की परीक्षा देने के लिये ग्वालियर आईं बालिका कु. मानवती कुशवाह भी उस समय भोजन कर रही थी। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर वह खुशी से गदगद हो गई और बोली मामा जी प्लीज मेरे साथ फोटो खिचवाइए। अपनी भांजी का मान रखा और उसके साथ सेल्फी खिचवाई। दीनदयाल रसोई में भोजन कर रहे शिवपुरी निवासी एक दिव्यांग युवक को रोजगार के लिए आर्थिक मदद दिलाने के निर्देश संभाग आयुक्त श्री आशीष सक्सेना को दिए।

श्रमिकों एवं असहायों के बीच बैठकर सुनी दु:ख तकलीफ
मुख्यमंत्री ने पड़ाव पुल के नीचे स्थित मंशापूर्ण हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद मंदिर परिसर के बाहर जमा श्रमिक एवं असहाय लोगों के बीच बैठकर उनकी दु:ख तकलीफ सुनी।

दीदियों की सफलता की दास्तां सुनकर खुश हुए मुख्यमंत्री
राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत बने स्व-सहायता समूहों में संगठित होकर महिला सशक्तिकरण की नई इबारत लिख रहीं दीदियों के बीच भी मुख्यमंत्री पहुँचे। केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने यहाँ संभागीय ग्रामीण हाट बाजार परिसर में पहुँचकर विभिन्न प्रकार के उत्पादों की बिक्री कर रहीं दीदियों से चर्चा की। माँ शीतला समूह की दीदियाँ कड़कनाथ मुर्गा-मुर्गी पालन कर कड़क कमाई कर रही हैं।
प्रमुखता से महिलाओं के एफपीओ बनवाएँ
मुख्यमंत्री ने संभागीय ग्रामीण हाट बाजार के प्रशिक्षण केन्द्र में जैविक खेती का प्रशिक्षण लेने आईं लगभग 40 महिलाओं से भी चर्चा की। प्रशिक्षण लेने आईं दीदियों ने बताया कि भितरवार और घाटीगाँव में दीदियों के एफपीओ (फार्मर प्रोडक्शन ऑर्गेनाइजेशन) बने हैं, जिससे हम सबको बड़ा फायदा हुआ है।
चौपाटी पर लिया चटपटे व्यंजनों का स्वाद
मुख्यमंत्री संभागीय ग्रामीण हाट बाजार के बाद फूलबाग चौपाटी पर पहुँचे और वहाँ चटपटे लजीज व्यंजनों का स्वाद लिया। उन्होंने खासतौर पर फ्राइड राईस का सेवन किया।

वन स्टॉप सेंटर के भवन निर्माण में हो रही देरी पर जताई नाराजगी
शहर भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने जेएएच परिसर में पहुँचकर वन स्टॉप सेंटर का जायजा भी लिया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित इस सेंटर में विपत्तिग्रस्त महिलाओं को आश्रय दिया जाता है। वन स्टॉप सेंटर के भवन निर्माण में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त की और पीआईयू के तत्कालीन कार्यपालन यंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि यदि जरूरी हो तो एजेन्सी बदलकर जल्द से जल्द भवन का निर्माण पूरा कराएँ।
जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र की व्यवस्थाओं को सराहा

जेएएच परिसर स्थित जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र का जायजा भी भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने लिया। उन्होंने यहाँ निवासरत दिव्यांगों से चर्चा की। साथ ही सेवा भारती द्वारा संचालित इस केन्द्र की व्यवस्थाओं को सराहा। लगभग 3 करोड़ रूपए की लागत से सामाजिक न्याय विभाग द्वारा दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र के भवन का निर्माण कराया गया है।

