ग्वालियर में फर्जी हुंडी कांड के सटोरिया आशीष को अशोकनगर से पकड़ा, 12.75 करोड़ सट्टे में हारा
ग्वालियर. हुंडी दलाल आशु उर्फ आशीष गुप्ता के व्यापारियों के 38 करोड़ रुपये क्रिकेट मैच के सट्टे में हारने के खुलासे के बाद मैच के तीन बड़े सटोरियों को पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच की टीमें कई राज्यों में छापे मार रही हैं। क्राइम ब्रांच मैच पर करोड़ों का सट्टा लेने वाले आशीष जैन को अशोकनगर से पकड़ लाई है। पुलिस ने आरोपित को उसकी ससुराल से दबोचा है। आरोपित ने पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद कबूल किया कि आशु उसकी लाइन पर क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाता था। आशु उसके पास 12 करोड़ 75 लाख रुपये मैच के सट्टे में हारा है। आशीष का कहना है कि आशु बड़ा खिलाड़ी होने के कारण उसे उसने सीधे दिल्ली की मेन लाइन से जोड़ दिया था। अब इस मामले के नई दिल्ली के क्रिकेट मैच के बड़े सटोरिए से तार जुड़ गए हैं। पुलिस ने आशु के नौकर गणेश कुशवाह को भी गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस के टारगेट पर मोनू गुप्ता व दिलीप सिंधी हैं।
पुलिस ने आशीष को सोते में ही दबोच लिया
गुना में बैठकर क्रिकेट मैच पर सट्टा खिलवाने वाले आशीष (23 वर्ष) पुत्र रिषभ जैन हाल निवासी शिवाजी नगर गुना मूल निवासी पिपरई गांव की तलाश में क्राइम ब्रांच की टीम ने शुक्रवार की रात को गुना स्थित उसके घर पर दबिश दी थी। इस दौरान पुलिस ने उसके पूरे घर को सर्च किया, लेकिन आशीष वहां नहीं मिला। पुलिस को यहां से क्लू मिला कि आशीष अशोकनगर में अपनी ससुराल में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस तड़के अशोकनगर पहुंची। यहां पुलिस ने आशीष को सोते में ही दबोच लिया और पकड़कर कोतवाली ले आई।
नौकर करता था पैसे का लेन-देन
पड़ताल में पुलिस को पता चला है कि आशु उर्फ आशीष गुप्ता का नौकर गणेश कुशवाह सट्टे के पैसे का लेन-देन करता था। इसके अलावा वह व्यापारियों से भी पैसा लेकर आता था। पुलिस ने गणेश को बुलाकर गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस आशु के पिता नत्थूलाल गुप्ता व आशु की पत्नी अंकिता गुप्ता की भूमिका की जांच कर रही है।
रिमांड मांगेगी पुलिस
आशु उर्फ आशीष के साथ पुलिस क्रिकेट मैच के सट्टे में गिरफ्तार आशीष जैन को कोर्ट में पेश करेगी। पुलिस आशु का तीसरी बार रिमांड क्रिकेट मैच का सट्टा खेलने के लिए उपयोग किए गए मोबाइल को जब्त करने के लिए मागेंगी। इसके अलावा आशीष जैन को उसके दिल्ली नेटवर्क तक पहुंचने के लिए रिमांड पर लेगी।
