PM की सुरक्षा में चूक मामले पर गृह मंत्रालय की कार्रवाई, SSP से पूछताछ, 150 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज
नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में हुई चूक के मामले में केन्द्र सरकार ने गंभीरता से कार्रवाई शुरू कर दी है। इस बारे में गृह मंत्रालय की टीम ने बठिंडा के एसएसपी से पूछताछ की। बता दें कि गृह मंत्रालय की तरफ से एसएसपी को कारण बताओं नोटिस भेजा गया था और पूछा गया था कि ऐसी चूक कैसे हुई। केंद्रीय गृह मंत्रलय द्वारा गठित तीन सदस्यीय समिति ने राज्य के पुलिस प्रमुख एस चट्टोपाध्याय सहित एक दर्जन से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों को भी फिरोजपुर तलब किया है। वहीं इस मामले में फिरोजपुर जिले के कुलगारी पुलिस थाने में 150 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 283 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
इन अधिकारियों को तलब किया
केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा गठित तीन सदस्यीय समिति ने जिन अधिकारियों को तलब किया है, उनमें डीजीपी एस चट्टोपाध्याय के अलावा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) जी नागेश्वर राव, एडीजीपी जितेंद्र जैन, पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) पटियाला मुखविंदर सिंह चिन्ना, फिरोजपुर उप महानिरीक्षक इंद्रबीर सिंह और फरीदकोट के डीआईजी सुरजीत सिंह का नाम शामिल हैं। इनके अलावा फिरोजपुर और बठिंडा के उपायुक्त समेत कई पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को बुलाया गया है।
