चुनाव आयोग सुबह 11 बजे 5 राज्यों में चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है
नई दिल्ली. 5 राज्यों में चुनाव को लेकर शुक्रवार सुबह 11 बजे चुनाव आयोग बैठक करेगा। इसमें चुनाव की तारीखों का ऐलान हो सकता है। शुक्रवार को आमतौर पर आयोग के सभी सीनियर अधिकारियों की बैठक होती है लेकिन पांच राज्यों के चुनाव को लेकर यह बैठक अहम मानी जा रही है। बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त, दोनों चुनाव आयुक्त और सभी डिप्टी चुनाव आयुक्त मौजूद रहेंगे।
चुनाव आयुक्त ने सारी तैयारी पूरी की
कल की बैठक अहम इसीलिए है क्योंकि चुनाव आयोग ने सभी पाचों राज्यों में चुनाव की तैयारियों से जुड़ी सभी प्रक्रिया को पूरा कर लिया है। बता दें कि कोरोना से संबंधित जुड़े मामलों पर भी चुनाव आयुक्त ने सारी तैयारी पूरी कर ली है। आयोग इस बार कोरोना गाइडलाइंस को और सख्त कर सकता है।
उम्मीदवारों के खर्चे की सीमा बढ़ाई
इस बार चुनाव आयोग ने लोकसभा और विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों के खर्चे की सीमा बढ़ा दी है। विधानसभा चुनाव के ऐलान से ठीक पहले खर्च को लेकर आयोग ने यह फैसला लिया है। बढ़ती महंगाई और राजनीतिक दलों की मांग के बाद बनी कमेटी की सिफारिश के आधार पर चुनाव खर्च की सीमा बढ़ाई गई है।
लोकसभा चुनाव के खर्च की सीमा 95 लाख की
बड़े राज्यों में लोकसभा चुनाव के लिए खर्च की सीमा को 70 से बढ़ाकर 95 लाख कर दिया है। दिल्ली और जम्मू कश्मीर को छोड़कर बाकी केंद्र शासित राज्यों और छोटे प्रदेशों में लोकसभा चुनाव के लिए खर्च की सीमा 54 लाख से बढ़ाकर 75 लाख की गई है।
विधानसभा चुनाव के खर्च की सीमा 40 लाख की
बड़े राज्यों में विधानसभा चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को 28 लाख के बजाय अब 40 लाख तक खर्च करने की छूट होगी। केंद्र शासित प्रदेशों और छोटे राज्यों में खर्च की सीमा 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 28 लाख कर दी गई है।
