मप्र में 3 जनवरी से शुरू होगा किशोरों का कोरोना टीकाकरण, 1 से होगा पंजीयन

भोपाल. कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की आशंका और ओमिक्रोन संक्रमित मरीजों के मिलने के बीच शिवराज सरकार 3 जनवरी से किशोरों का टीकाकरण आरंभ करने जा रही है, इसके लिए 1 जनवरी से पंजीयन शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने मंत्रालय में स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार, जनजातीय कार्य विभाग मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कोरोना की समीक्षा करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में 3 जनवरी से 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों का टीकाकरण शुरू हो रहा है। ऐसे बच्चे जिनका जन्म वर्ष 2007 या उसके पहले है उनका 1 जनवरी से रजिस्ट्रेशन शुरू होगा। वहीं सीएम ने इसे टीकाकरण अभियान के रूप में संचालित करने के निर्देश दिए।

15-18 वर्ष के किशोरों को लगाई जाएगी को-वैक्सीन
प्रदेश में 15 से 18 वर्ष के किशोरों को को-वैक्सीन ही लगाई जाएगी। एक जनवरी 2022 से कोविन एप/कोविन पोर्टल पर पंजीयन की प्रक्रिया शुरू होगी। तीन जनवरी 2022 से टीकाकरण होगा। पंजीयन के लिए आधार के अलावा स्कूल के परिचय पत्र को भी मान्य किया जाएगा। वैक्सीन लगवाने के लिए आनलाइन स्लाट बुक करवाने पर रिफरेंस आइडी और सीक्रेट कोड मिलेगा। इसे टीकाकरण केंद्र पर बताना होगा। टीकाकरण केंद्र पर जाकर भी किशोर पंजीयन करवा सकते हैं।

प्रदेश में इस आयु के करीब 48 लाख किशोर हैं, जिन्हें कोवैक्सीन लगाई जानी है। इनमें से 40 लाख के टीकाकरण का अनुमान है। उनके लिए कई स्थानों पर टीकाकरण की व्यवस्था होगी। स्कूल जाने वाले किशोरों को स्कूलों में शिविर लगाकर टीका लगाया जाएगा। इसमें शिक्षा विभाग सहयोग करेगा। ज्ञात हो कि प्रदेश के 17 हजार 892 स्कूलों में 36 लाख आठ हजार विद्यार्थी नामांकित हैं। स्कूल छोड़ने वाले (ड्रापआउट) किशोरों को स्कूल, आंगनबाड़ी, ग्राम स्तरीय चिन्हित टीकाकरण केंद्रों पर टीका लगेगा। मुख्यमंत्री ने इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *