BJP का मिशन अब यूपी में, ज्योतिरादित्य सिंधिया, नरेन्द्रसिंह तोमर और नरोत्तम मिश्रा को मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी

भोपाल. यूपी (UP) में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के लिये मध्यप्रदेश (MP)  के भाजपा (BJP) नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी देने की तैयारी है। केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को 11 जिलों की प्रचार की कमान मिल सकती है। पार्टी संगठन की कोशिश है कि झांसी-आगरा बेल्ट की कई सीटों पर सिंधिया के चेहरे का उपयोग किया जाये। सीएम शिवराजसिंह चौहान को स्टार प्रचारकों की लिस्ट में रखा जायेगा। इसी तरह केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर और प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को एमपी की सीमा से सटे जिलों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिये जाने के संकेत मिले हैं।
मप्र के मुख्यमंत्री 19 दिसम्बर को बलिया में जनविश्वास यात्रा शुभारंभ करेंगे। इसके लिये उत्तरप्रदेश में 6 अलग अलग जगहों से यात्रायें शुरू करने की योजना है। इनके उद्घाटन में राष्ट्रीय नेताओं की मौजूदगी भी रहेगी। इनमें बिजनौर, मथुरा, झांसी, अम्बेड़कर नगर व बलिया से 19 दिसम्बर को यात्रायें प्रारंभ होंगी और गाजीपुरा से 20 दिसम्बर को यात्रा शुरू होगी। बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथसिंह, सड़क व परिवहन मंत्री नितिन गड़करी, मध्यप्रदेश के सीएम और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ जनविश्वास यात्रा की शुरूआत करेंगे।
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कई विधानसभा सीटों पर किया था प्रचार
यूपी में 2017 के चुनाव में भी प्रदेश के नेताओं ने प्रभावी भूमिका निभाई थी। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कानपुर के अलावा बुन्देलखंड की कई सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार किया था। नरोत्तम मिश्रा केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नजदीकी माने जाते हैं। चुनावी रणनीति में भी माहिर माने जाते हैं। ऐसे में पार्टी इस बार भी उन्हें उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव में जिम्मेदारी दे सकती है। इसी तरह 2012 के उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव में नरेन्द्रसिंह तोमर यूपी के चुनाव प्रभारी थे। नरेन्द्रसिंह तोमर दूसरे राज्यों में भी पार्टी के लिये बड़ी भूमिका निभाते रहे हैं। जिससे उन्हें भी यूपी में बड़ी भूमिका में मिस कती है।

MP से लगी हैं UP की 49 विधानसभा सीट

उत्तर प्रदेश के 11 जिलों की 49 विधानसभा सीटें मध्यप्रदेश की सीमा से जुड़ी हुई हैं। इन सभी सीटों पर मध्यप्रदेश के नेताओं का अच्छा प्रभाव माना जाता है। आगरा, इटावा, जालौन, झांसी, महोबा, बांदा, ललितपुर, चित्रकूट, प्रयागराज, मिर्जापुर और सोनभद्र जिलों की सीमा मध्यप्रदेश के ग्वालियर-चंबल, बुंदेलखंड और विंध्य अंचल से जुड़ी हुई हैं। ऐसे में इन्हीं अंचलों से आने वाले BJP कार्यकर्ताओं को UP विधानसभा चुनाव में जिम्मेदारी सौंपने की तैयारियां चल रही है, क्योंकि राजनीति के साथ क्षेत्रीय नजरिए से भी इस क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को UP का अच्छा अनुभव है।

सिंधिया और CM शिवराज को जिम्मेदारी
पार्टी सूत्रों ने बताया कि UP चुनाव को लेकर BJP को ग्वालियर, चंबल और बुंदेलखंड के बड़े नेताओं पर ज्यादा भरोसा है। यही कारण है कि सिंधिया को BJP ने UP के लिए चुना है। 2017 के UP चुनाव में सिंधिया ने प्रियंका गांधी के साथ मिलकर प्रचार किया किया था। BJP उनके अनुभव का लाभ लेना चाहती है। सिंधिया के साथ ग्वालियर-चंबल के समर्थक नेताओं को UP भेजा जाएगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रचार के तौर तरीकों का भी पार्टी UP चुनाव में इस्तेमाल करेगी। जातिगत समीकरणों को साधने के लिए केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार के चेहरे का भी इस्तेमाल होगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *