हैरीटेज एवं संगीत थीम पर टूरिस्ट प्लान शीघ्र करें प्रारंभ, स्वच्छता को बनाएँ जन आंदोलन – ज्योतिरादित्य सिंधिया
ग्वालियर स्वच्छता को बनाना होगा एक जन आंदोलन। इंदौर की तर्ज पर ग्वालियर में भी स्वच्छता का कार्य हो, इसके लिये इंदौर मॉडल का अधिकारी अवलोकन करे और उसको जमीनी स्तर पर उतारने का कार्य करें। स्वच्छता के कार्य में समाज के सभी वर्गों का सहयोग लेकर ग्वालियर को स्वचछ और सुंदर बनाने की मुहिम युद्ध स्तर पर चलाई जाए। केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर विकास की समीक्षा के दौरान यह बात कही। ग्वालियर विकास के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासनिक अधिकारियों में संभागीय आयुक्त आशीष सक्सेना, कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, पुलिस अधीक्षक अमित सांघी, नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल, सीईओ जिला पंचायत आशीष तिवारी, सीईओ स्मार्ट सिटी श्रीमती जयति सिंह, डीन मेडीकल कॉलेज डॉ. समीर गुप्ता सहित विभागीय अधिकारी बैठक में शामिल थे।
स्वच्छता में अगर इंदौर लगातार नंबर 1 आ रहा है तो ग्वालियर को भी प्रथम पंक्ति में लाने के लिये हमें पुरजोर प्रयास करने की आवश्यकता है। इंदौर में स्वच्छता के लिये किए जा रहे कार्यों का अनुशरण करते हुए हमें ग्वालियर में भी वही कार्य करना होगा। स्वच्छता के कार्य में समाज के सभी वर्गों का सहयोग लेते हुए जनप्रतिनिधियों को भी जवाबदेही स्वीकार करनी होगी। उन्होंने कहा कि शहर के सभी 66 वार्डों में जनप्रतिनिधियों को भी स्वच्छता की जिम्मेदारी सौंपी जाए। इस कार्य में सभी दलों के लोगों का सहयोग भी लिया जाए।
समाज के सभी वर्गों को जोड़कर स्वच्छता का संकल्प दिलाया जाए
ग्वालियर में समाज के सभी वर्गों को जोड़कर स्वच्छता के लिए एक बड़ा आयोजन किया जाए और उसमें सभी लोगों को स्वच्छता का संकल्प दिलाया जाए। इस कार्यक्रम में सामाजिक संगठनों के लोग, जनप्रतिनिधि, धर्मगुरू, खेल, साहित्य के साथ ही समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
ऐतिहासिक विरासत और संगीत की थीम पर टूरिस्ट प्लान कार्य प्रारंभ करें
पर्यटन विकास और टूरिज्म प्लान के संबंध में समीक्षा करते हुए कहा कि ग्वालियर में स्मार्ट सिटी और जिला प्रशासन मिलकर सर्वप्रथम ऐतिहासिक विरासतों और संगीत की थीम पर टूरिस्ट प्लान तैयार करें। श्री सिंधिया ने कहा कि 15 जनवरी तक दोनों टूरिस्ट प्लान पर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं।
15 जनवरी को मैं स्वयं और जनप्रतिनिधि दोनों टूरिस्ट प्लान का भ्रमण करेंगे। इसके लिये जो निर्धारित शुल्क होगा वह भी अदा करेंगे। भ्रमण के दौरान हमें पर्यटकों को जो सुविधायें उपलब्ध कराई जाना है उसका उदाहरण भी प्रस्तुत किया जाए। इसके लिये प्रशासन पूरी तैयारियां समय रहते कर ले। प्रथम चरण में ऐतिहासिक विरासत और संगीत की थीम पर प्लान तैयार किया जाए, उसके पश्चात अन्य थीमों पर भी प्लान बनाने का कार्य किया जाए।
कोविड-19 की संभावित तीसरी लहर की सभी तैयारियां करें
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कोविड-19 की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए जिले में की जा रही तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियां युद्ध स्तर पर पूर्ण की जाएं। ऑक्सीजन प्लांट, पलंगों की व्यवस्था के साथ ही दवा एवं अन्य जो भी व्यवस्थायें हैं वह समय रहते पूर्ण की जाएं। कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने बैठक में बताया कि कोविड-19 की संभावित तीसरी लहर से बचने के लिये जिले में सभी तैयारियां की जा रही हैं। निजी चिकित्सालयों, नर्सिंग कॉलेज के साथ-साथ शासकीय अस्पतालों में भी पलंगों की व्यवस्था पर्याप्त संख्या में की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि जिले में 45 नर्सिंग कॉलेजों की मान्यता भी समाप्त की गई है। जिले में कोविड-19 की तीसरी लहर की संभावनाओं को देखते हुए चिकित्सकों, पैरामेडीकल स्टाफ की कमी को पूरा करने के लिये प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसकी स्वीकृति मिलने से जिले में सभी व्यवस्थायें ओर बेहतर हो सकेंगीं।
टीकाकरण का कार्य युद्ध स्तर पर किया जाए
कोविड-19 के टीकाकरण का कार्य भी युद्ध स्तर पर किया जाना चाहिए। प्रथम चरण में जिले में 96 प्रतिशत टीकाकरण का कार्य पूरा हुआ है। जबकि द्वितीय चरण में लगभग 2 लाख 50 हजार लोगों का टीकाकरण अभी शेष है। शेष बचे सभी लोगों का टीकाकरण शीघ्रता से हो यह सुनिश्चित किया जाए। टीकाकरण के कार्य में भी जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन क्राइसेस मैनेजमेंट समिति की बैठकें आयोजित हों और समिति के सदसय भी टीकाकरण के लिये लोगों को प्रेरित करें। श्री सिंधिया ने यह भी निर्देशित किया कि कोविड अनुकूल व्यवहार लोग अपनाएँ, इसके लिये भी जन जागरूकता के साथ-साथ जुर्माने की कार्रवाई भी की जाए।
यातायात प्रबंधन के लिये बनाएं ठोस रणनीति
यातायात व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कहा है कि ग्वालियर में यातायात प्रबंधन के लिये ठोस रणनीति बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यातायात प्रबंधन का पूरा प्लान चरणबद्ध तरीके से तैयार किया जाए। यातायात में जो भी बाधक है उन्हें हटाने की कार्रवाई भी पूरी सख्ती के साथ की जाए। इसके साथ ही शहर में नगर निगम और स्मार्ट सिटी के माध्यम से आधुनिक पार्किंगों का निर्माण किया जा चुका है। सड़क पर वाहन खड़े करने वालों के विरूद्ध जुर्माने की कार्रवाई पुलिस करे। इसके साथ ही यातायात के प्रति लोगों को जागरूक करने का कार्य भी किया जाए।
हस्तशिल्प सेंटर का हो निर्माण
ग्वालियर और ग्वालियर के आसपास हस्तशिल्प, पॉटरीज और चंदेरी की साड़ियों को प्रमोट करने के लिये एक हस्तशिल्प सेंटर का निर्माण भी किया जाना चाहिए। इस सेंटर के माध्यम से ग्वालियर-चंबल संभाग के हस्तशिल्प, ग्वालियर की पॉटरीज और चंदेरी की साड़ियों को प्रमोट करने का कार्य किया जाए।
थीम रोड़ का कार्य शीघ्रता से करें पूर्ण
स्मार्ट सिटी के कार्यों की समीक्षा के दौरान कहा कि थीम रोड़ निर्माण का कार्य शीघ्रता से पूर्ण किया जाए। इसके साथ ही यह रोड़ बनने के पश्चात किस प्रकार से लोगों को मिलेगा, इसकी जानकारी भी प्रदर्शित की जाए। सीईओ स्मार्ट सिटी श्रीमती जयति सिंह ने बताया कि 31 जनवरी तक सड़क निर्माण का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
इन बिंदुओं पर भी हुई चर्चा बैठक में
• एक हजार बिस्तर का निर्माण।
• लिंक रोड़ निर्माण।
• जेसी मिल के निवासियों को पट्टे का वितरण।
• चंबल परियोजना।
• जीवाजी मेडीकल कॉलेज।
• रेलवे स्टेशन जीर्णोद्धार।
• पश्चिम बाईपास।
• ठाठीपुर पुनर्घनत्वीकरण योजना।
• मार्क हॉस्पिटल।
• डीआरडीओ।
• एलीवेटेड रोड़।
• महाराज बाड़ा का सौंदर्यीकरण।
• स्टोन पार्क निर्माण।
• इंटर स्टेट बस टर्मिनल शामिल हैं।
