मोदी के साथ गंगा आरती में शामिल हुए सीएम शिवराज, PM के सामने MP के कामकाज पर देंगे प्रजेंटेशन
भोपाल. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह अपनी पत्नी साधना के साथ बनारस पहुंचे। शाम को पीएम मोदी के साथ गंगा आरती में शामिल हुए और वे काशी में आयोजित 14 मुख्यमंत्रियों के कॉन्क्लेव में हिस्सा लेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीजेपी शासित 12 राज्यों के कामकाज की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मध्यप्रदेश में केंद्र की योजनाओं के क्रियान्वयन और पिछले एक साल में बनाए कानूनों का प्रजेंटेशन देंगे। मुख्यमंत्री यह भी बताएंगे कि ‘लव जिहाद’ के खिलाफ सख्त कानून ‘मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता विधेयक-2020′ और पत्थरबाजों पर नकेल कसने के लिए ‘सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण कानून’ बनाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 दिसंबर को काशी के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान मोदी बीजेपी संगठन के काशी महानगर व जिला पदाधिकारियों के साथ औपचारिक बैठक करेंगे और राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ सम्मेलन भी होगा।
ये राज्य देंगे प्रजेंटेशन
असम, अरुणाचल प्रदेश, गोवा, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, मध्यप्रदेश, मणिपुर, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री अपने-अपने राज्यों के कार्यों और योजनाओं का प्रजेंटेशन देंगे। यूपी दौरे के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज 15 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आमंत्रित राज्यों के मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्रियों के साथ अयोध्या जाएंगे, जहां भगवान श्री राम लला के दर्शन करेंगे और यूपी चुनाव के लिए मिली जिम्मेदारी का शुभारंभ करेंगे।
उप्र में चुनाव प्रचार करेंगे शिवराज
उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी प्रचार की कमान संभालेंगे। बलिया में 19 दिसंबर को शिवराज जन विश्वास यात्रा का शुभारंभ करेंगे। यूपी में छह अलग-अलग स्थानों से यात्राएं प्रारंभ होंगी। इनके उद्घाटन में राष्ट्रीय नेताओं की उपस्थिति रहेगी। बिजनौर, मथुरा, झांसी, आंबेडकर नगर व बलिया से 19 दिसंबर को यात्राएं शुरू होंगी। जबकि गाजीपुर से 20 दिसंबर को यात्रा प्रारम्भ होकर आगे बढ़ेगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश जन विश्वास यात्रा की शुरुआत करेंगे।