एनसीसी कैडेट स्वच्छता अभियान से भी जुड़ें और लोगों को जोड़ें – संभाग आयुक्त
ग्वालियर संभाग आयुक्त एवं नगर निगम प्रशासक आशीष सक्सेना ने एनसीसी कैडेटों को स्वच्छता अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया है। प्रत्येक कैडेट अपने स्तर से 10 – 10 नागरिकों की टोलियां बनाकर स्वच्छता के कार्य में अपना योगदान दें। संभाग आयुक्त ने रविवार को बाल भवन में शासकीय आदर्श महाविद्यालय ग्वालियर के तत्वावधान में एनसीसी आर्मी विंग के एक सेमीनार में मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित कर रहे थे।
बाल भवन में आयोजित इस सेमीनार में मुख्य वक्ता ब्रिगेडियर राजेश गंगेले, सेवानिवृत अध्यक्ष 24 एसएमबी बैंगलोर थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मेजर जनरल डॉ. एससी जैन बीएसएम ने की। इस मौके पर नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल, कार्यक्रम संयोजक मेजर डॉ. अशोक सिंह चौहान सहित कॉलेज के प्राध्यापकगण और बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट उपस्थित थे।
संभाग आयुक्त ने एनसीसी कैडेट को संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी में अनुशासन के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में एनसीसी की भागीदारी को भी सिखाया जाता है। एनसीसी कैडेट कानून व्यवस्था के साथ-साथ अन्य महत्वपूर्ण कार्यों में भी अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के कार्य में भी एनसीसी कैडेटों को बढ़-चढ़कर भागीदारी करना चाहिए।
कार्यक्रम के प्रारंभ में कार्यक्रम के संयोजक मेजर डॉ. अशोक चौहान ने एनसीसी के इतिहास पर संक्षिप्त जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देश में एनसीसी कैडेटों की संख्या लगभग 15 लाख है। कैडेट सामाजिक रूप से जुड़कर राष्ट्र सेवा के कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता ब्रिगेडियर राजेश गंगेले ने कैडेटों का मनोबल बढ़ाते हुए सेना में कैडेट कैसे अधिकारी बन सकते हैं, उसकी पूरी जानकारी दी। इसके साथ पावर प्वॉइंट प्रजेण्टेशन के माध्यम से सेना में शामिल होने के लिये क्या-क्या तैयारियां की जाती हैं, इसके संबंध में बताया।
