पूरे ग्वालियर में सीएम शिवराज सिंह, केंद्रीय मंत्री सिंधिया व नरेंद्र सिंह की वजह से लगा जाम, घंटों फंसे रहे वाहन
ग्वालियर. सहालग के बीच दो-दो केंद्रीय मंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित तमाम मंत्री-संत्री शनिवार को शहर में रहे। जिसको लेकर जगह-जगह जाम की स्थिति बनी। शाम को जब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, नरेंद्र सिंह तोमर का काफिला थीम रोड से होकर गुजरा तो अचलेश्वर पर ट्रैफिक रोक दिया गया, क्योंकि महल के सामने एक तरफ की रोड पर काम चल रहा है, इस कारण सिंगल रोड से ही आवागमन हो रहा है। जिसके चलते अचलेश्वर चौराहा पर कटोराताल की ओर से आने वाला यातायात रोका तो लंबा जाम लग गया। हुजरात पुल, रॉकसी पुल और कंपू से जब मुख्यमंत्री का काफिला गुजरा तो यहां पर भी जाम लग गया। इसी तरह से हजीरा क्षेत्र में जब देवेंद्र तोमर के घर जनप्रतिनिधि पहुंचे तो वहां भी यातायात को बीच में रोकना पड़ा था। इस कारण शहर में जगह-जगह जाम की स्थिति दोपहर बाद बनी रही, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारात सड़क घेरकर निकल रही थी, इसके चलते वाहनों के निकलने के लिए जगह तक नहीं बची थी। ऐसे में बारात के कारण भी लोगों को घंटो जाम की समस्या से जूझना पड़ा।
तीन किमी तक लगा जाम
ग्वालियर-झांसी हाइवे स्थित जौरासी घाटी पर शनिवार की सुबह करीब नौ बजे धान की बोरियों से लदा एक ट्रक पलट गया। जिस कारण हाइवे पर दोनों और करीब तीन-तीन किलोमीटर तक वाहनों की लंबा कतार लग गई। उधर सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एक-एक कर वाहनों को वहां से निकलवाया गया। शाम तक वहां जाम की स्थिति बनी रही।
