तमिलनाडु हेलिकॉप्टर हादसे में शहीद मप्र के पैरा कमांडो जितेंद्र कुमार पंचतत्व में विलीन, पत्नी को नौकरी व 1 करोड़ की सम्मान निधि
सीहोर. तमिलनाडु हेलिकॉप्टर हादसे में शहीद पैरा कमांडो जितेंद्र कुमार वर्मा पंचतत्व में विलीन हो गए। रविवार को मध्यप्रदेश के सीहोर जिले के पैतृक गांव धामंदा में अंतिम संस्कार हुआ। छोटे भाई धर्मेंद्र ने जवान के डेढ़ साल के बेटे को साथ लेकर बड़े भाई की पार्थिव देह को मुखाग्नि दी। कमांडो की पार्थिव देह सुबह 11 बजे दिल्ली से भोपाल एयरपोर्ट पर पहुंची। यहां से पार्थिव शरीर फूलों से सजे सेना के वाहन में सड़क मार्ग से पैतृक गांव धामंदा के लिए रवाना हुई, जो करीब डेढ़ बजे गांव पहुंची। शहीद के सम्मान में भोपाल से लेकर सीहोर तक जगह-जगह लोगों ने सड़क किनारे खड़े होकर फूल बरसाए। सीएम भी जवान को श्रद्धांजलि गांव पहुंचे। उन्होंने परिवार को एक करोड़ रुपए सम्मान निधि देने का ऐलान किया।
सीएम ने 1 करोड़ रुपए की सम्मान निधि देने का ऐलान किया
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार दोपहर शहीद को श्रद्धांजलि देने धामंदा गांव पहुंचे। उन्होंने यहां दिवंगत नायक जितेंद्र वर्मा के परिवार को राज्य सरकार की ओर से एक करोड़ रुपए की सम्मान निधि देने का ऐलान किया साथ ही उन्होंने पत्नी सुनीता को सरकारी नौकरी देने के साथ ही अमर शहीद जितेंद्र वर्मा के नाम से स्कूल का नामकरण करने की भी घोषणा की। इसके अलावा गांव में नायक जितेंद्र की प्रतिमा भी लगाई जाएगी।
तमिलनाडु के कुन्नूर में बुधवार को हुए हेलिकॉप्टर क्रैश में जनरल बिपिन रावत सहित 13 लोगों का निधन हो गया था। हादसे में सीहोर जिले के धामंदा गांव के 31 साल के पैरा कमांडो जितेंद्र वर्मा की भी मृत्यु हो गई थी। एसपी मयंक अवस्थी ने बताया कि अंत्येष्टि स्थल तक पहुंचने के लिए दो मार्ग बनाए गए। इस बीच पैरा कमांडो के घर के बाहर बैरिकेडिंग कर दी गई है ताकि वहां पर भीड़ नहीं हो।
