केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने दिया निर्धारित समय पर मेला शुरू होने का आश्वासन दिया, वाहन खरीदी पर छूट भी मिलेगी

ग्वालियर. ग्वालियर व्यापार मेला अपने निर्धारित समय पर ही शुरू होगा साथ ही वाहनों की खरीद पर आरटीओ द्वारा दी जाने वाली छूट के लिए आदेश जारी किए जाएंगे। यह आश्वासन नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर मेला व्यापार संघ के पदाधिकारियों को जयविलास पैलेस में मुलाकात के दौरान दिया है। मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र भदकारिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल पुनियानी, शाहिद खान, चंदन सिंह आदि ने जयविलास पैलेस में सिंधिया से मुलाकात कर 25 दिसंबर तक मेला शुरू कराने ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में लिखा कि पिछला मेला कोरोना के कारण काफी देरी से लग सका और बीच में ही समाप्त हो गया। इसके कारण मेले के व्यापारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और लाखों का नुकसान भी हुआ।

आटोमोबाइल सेक्टर को आरटीओ की 50 प्रतिशत छूट
इस वर्ष 2021-22 में ग्वालियर मेला अपनी निर्धारित अवधि यानी 25 दिसंबर से प्रारंभ कर दिया जाए एवं 22 फरवरी तक लगाया जाए। इस संबंध में मेला प्राधिकरण एवं प्रदेश के एमएसएमई विभाग को निर्देशित करें। भदकारिया का कहना है केंद्रीय मंत्री ने भरोसा दिया कि इस वर्ष ग्वालियर मेला अपने निर्धारित समय पर ही चालू हो जाएगा। बीते साल की तरह इस साल भी आटोमोबाइल सेक्टर को आरटीओ की 50 प्रतिशत छूट पर भी उन्होंने सकारात्मक आश्वासन दिया है। सिंधिया ने आश्वस्त किया है कि इस संबंध में प्रदेश के परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत को निर्देशित कर आदेश जारी कराएंगे। उधर मेले की तारीख नजदीक आने के साथ ही कोरोना की तीसरी लहर का खतरा बढ़ने लगा है, ऐसे में व्यापारी चिंतित है कि कहीं फिर से मेला शुरू होने के बाद यदि कोरोना के मरीज बढ़े तो मेले को अल्प अवधि में समाप्त करने की घोषणा नहीं हो जाए। इसलिए व्यापारी मेले में दुकान लगाने को लेकर उलझन में भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *