DRONE MELA-बाढ़ में ड्रोन तकनीक काफी मददगार साबित हुई, कार्य ड्रोन के जरिए चलाए- मुख्यमंत्री

केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर व श्री सिंधिया सहित राज्य सरकार के मंत्रिगण भी हुए शामिल

ग्वालियर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि विकास एवं कल्याण के क्षेत्र में DRONE  तकनीक का इस्तेमाल कर मध्यप्रदेश को अग्रणी राज्य बनायेंगे। ड्रोन एक ऐसी क्रांतिकारी तकनीक है जिसका उपयोग जनकल्याण एवं सुशासन में किया जा सकता है। मुख्यमंत्री शनिवार को ग्वालियर में आयोजित हुए “ड्रोन मेला” में मौजूद युवाओं और किसानों को संबोधित कर रहे थे। केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर एवं केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी कार्यक्रम में मौजूद थे। कार्यक्रम में पहुँचने के बाद मुख्यमंत्री सहित अन्य सभी अतिथियों ने सीडीएस स्व. विपिन रावत के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
ग्वालियर के माधव प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान (MITS) में केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री की पहल पर प्रदेश के पहले ड्रोन मेले का आयोजन किया गया। जिसमें लगभग 20 कंपनियों ने अपने ड्रोन का प्रदर्शन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले ग्वालियर की प्राचीन परंपरा हैं, पर ग्वालियर (Gwalio Mits ) में ड्रोन मेले के रूप में अद्भुत मेला लगा है। यह ड्रोन मेला एक मेला भर नहीं, जनता की जिंदगी बदलने का अभियान है। उन्होंने कहा कि ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल खेतों में उर्वरक तथा कीटनाशक दवाओं का छिड़काव करने में किया जा सकता है। इससे किसान हानिकारक रसायनों के दुष्प्रभाव से बच सकते हैं। यह तकनीक खर्चीली भी कम है। ड्रोन तकनीक से 25 प्रतिशत तक खाद की बचत होती है।


बाढ़ में ड्रोन तकनीक काफी मददगार साबित हुई, कार्य ड्रोन के जरिए चलाए
मध्यप्रदेश के कुछ जिलों में आई बाढ़ के दौरान ड्रोन तकनीक काफी मददगार साबित हुई। बचाव कार्य ड्रोन के जरिए चलाए गए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में संचालित स्वामित्व योजना में भी ड्रोन तकनीक महती भूमिका निभा रही है। इस योजना के तहत हरदा जिले में शतप्रतिशत ग्रामीण लोगों को स्वामित्व का अधिकार दिलाया गया है। प्रदेश में वर्तमान में 35 ड्रोन स्वामित्व योजना के तहत काम कर रहे हैं। ड्रोन तकनीक से दवाएँ व आपातकालीन राहत आसानी से दुर्गम स्थलों तक पहुँचाई जा सकती हैं। इसी तरह बगैर आदमी के सीमाओं की सुरक्षा की जा सकती है। इस तरह कहा जा सकता है कि ड्रोन तकनीक लोगों के जीवन में संजीवनी की तरह काम कर रही है। ड्रोन मेले में मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वैभवशाली, गौरवशाली, समृद्ध व सम्पन्न भारत का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा खुशी की बात है कि मध्यप्रदेश के निवासी होने के नाते केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री र एवं नागरिक उड्डयन मंत्री का मध्यप्रदेश के विकास में विशेष सहयोग मिल रहा है। सभी के सहयोग से हम मध्यप्रदेश को नई ऊँचाईयों तक ले जायेंगे।
ड्रोन तकनीक किसानों के लिये क्रांतिकारी
केन्द्रीय किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री ने कहा कि उच्च तकनीक व मजबूत अर्थव्यवस्था के साथ श्रेष्ठ भारत का निर्माण हो इसी सोच के साथ प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार काम कर रही है। इसी कड़ी में ड्रोन तकनीक को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने ड्रोन तकनीक किसानों के लिये क्रांतिकारी साबित हो रही है। उन्होंने पिछली साल टिड्टी दल के आक्रमण का हवाला देते हुए कहा कि ड्रोन तकनीक से इस पर सफलतापूर्वक काबू पाया गया। इसी तरह स्वामित्व योजना भी इसी तकनीक की बदौलत सफल रही है। कृषि के क्षेत्र में मानव सुरक्षा, उर्वरक बचत व कृषि उत्पादन बढ़ाने में ड्रोन तकनीक विशेष लाभकारी रही है।
रोजगार के नए अवसर सृजन करेगी ड्रोन तकनीक
केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने कहा कि ड्रोन मेला ग्वालियर के लिये एक ऐतिहासिक दिन है। इसके माध्यम से हम नई क्रांति के साक्षी बने हैं। उन्होंने कहा आगे आने वाले समय में ड्रोन तकनीक से विश्व की अर्थव्यवस्था व जीवन में बड़े बदलाव आयेंगे। खुशी की बात है कि ड्रोन तकनीक के इस्तेमाल में मध्यप्रदेश देश का अव्वल राज्य है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सोच है कि ऐसी तकनीक हो जो जन-जन की जिंदगी में बदलाव लाए। प्रधानमंत्री की इसी मंशा के अनुरूप ड्रोन तकनीक को बढ़ावा दिया जा रहा है। रक्षा, कृषि, स्वास्थ्य हर क्षेत्र में ड्रोन तकनीक क्रांतिकारी साबित हो रही है। यह तकनीक गरीबी को समृद्धि में तब्दील करने का साधन बनी है। साथ ही युवाओं के लिये विकास के नए अवसर लेकर आई है। आगे आने वाले समय में ड्रोन तकनीक से 3 लाख युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
ड्रोन तकनीक को बढ़ावा देने के लिये नियमों को आसान बनाया गया है। पहले जहाँ कंपनियों को 25 फार्म भरने पड़ते थे, वह संख्या घटाकर 5 कर दी गई है। लायसेंस की प्रक्रिया और पंजीकरण में स्पष्टता बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा सुलभ व सरल ड्रोन की प्रतिबद्धता के साथ सरकार काम कर रही है।


मध्यप्रदेश में पाँच ड्रोन स्कूल खोले जायेंगे
केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने इस अवसर पर घोषणा की कि मध्यप्रदेश में 5 ड्रोन स्कूल खोले जायेंगे। यह स्कूल ग्वालियर, भोपाल, इंदौर, जबलपुर व सतना में खुलेंगे। इन स्कूलों के जरिए ड्रोन तकनीक का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे युवाओं को रोजगार मिले। साथ ही ड्रोन तकनीक का भी विकास और आत्मनिर्भरता में भरपूर इस्तेमाल हो। उन्होंने ग्वालियर के MITS में ड्रोन एक्सीलेंसी सेंटर खोलने की बात भी कही। इसके लिये एक कंपनी के साथ एमओयू भी साइन किया गया है। ड्रोन मेले में अन्य कंपनियों ने भी एमओयू किए हैं।


ड्रोन से जीवन में बड़े बदलाव आयेंगे
सांसद विवेक शेजवलकर ने कहा कि ड्रोन तकनीक केवल निगरानी भर के लिये नहीं है, इससे लोगों के जीवन में व्यापक व क्रांतिकारी बदलाव आयेंगे। इस तकनीक के माध्यम से देश विकास के नए सोपान तय करेगा।
कार्यक्रम के आरंभ में एमआईटीएस के निदेशक आरके पण्डित ने स्वागत उदबोधन दिया। स्पाइस जैट के निदेशक अजय सिंह ने कहा कि देश में जल्द ही पहली ड्रोन एयरलाइन शुरू होने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *