ग्वालियर में दिखी मिशन 2024 की तैयारी, आरएसएस प्रमुख भागवत ने घोष शिविर में कार्यकर्ताओं से छोटे-छोटे ग्रुप में चर्चा की

ग्वालियर. शुक्रवार देर रात ग्वालियर आए आरएसएस प्रमुख सुबह 5 बजे जाग गए। योगा करने के बाद वह सुबह 6 बजे संघ स्थान पहुंचे। यहां जारी घोष शिविर में चुनिंदा घोष वादक के साथ चर्चा कर उनका विजन जाना। माना जा रहा है कि यह मिशन 2024 (लोकसभा चुनाव) की तैयारी है। दो-दो घंटे के शिविर और छोटे-छोटू ग्रुप में उन्होंने घोष वादकों और कार्यकर्ताओं से चर्चा की।

मुख्य कार्यक्रम कल रविवार को
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सर संघचालक डॉ. मोहन भागवत शुक्रवार को देर रात ग्वालियर स्टेशन से सीधे वे सरस्वती शिशु मंदिर केदार धाम के लिए रवाना हुए। भागवत यहां आयोजित चार दिवसीय घोष वर्ग शिविर में शामिल हुए। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मध्यभारत प्रांत के चार दिवसीय प्रांतीय स्वर साधक संगम (घोष शिविर) का शनिवार को तीसरा दिन है। मुख्य कार्यक्रम कल रविवार को होगा।

मिशन 2024 की तैयारियां दिखीं
घोष वादक के दो-दो घंटे के शिविर आयोजित किए गए हैं। इस दौरान आरएसएस प्रमुख ने छोटे-छोटे ग्रुप्स में कार्यकर्ता, घोष वादक और अन्य लोगों के विचार जाने। देश को कैसे अखंड और मजबूत बना सकते हैं और इसके लिए क्या कर सकते हैं, इस पर भी चर्चा की। आरएसएस प्रमुख के इस अंदाज को जानकार उनके विजन 2024 की तैयारी मान रहे हैं। यह सभी जानते हैं कि भाजपा के लिए पिछले चुनाव में भी संघ ने ही मैन टू मैन मार्किंग की थी। हालांकि, आरएसएस की ओर से यह साधारण अभ्यास सत्र ही बताया जा रहा है।​​​​​​​

इन कार्यक्रमों में शामिल होंगे भागवत
शनिवार शाम साढ़े चार बजे भागवत नई सड़क स्थित संघ कार्यालय राष्ट्रोत्थान न्यास जाएंगे। यहां पर संघ पदाधिकारियों से चर्चा करेंगे। इसके बाद शाम साढ़े पांच बजे जीवाजी विश्वविद्यालय के अटल बिहारी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *