बंद कमरे में चंबल के मंत्रियों-विधायकों से वन-टू-वन चर्चा शुरू, देर शाम 6 संभागों की संयुक्त बैठक

भोपाल. बीजेपी कार्यालय में विधायकों की बैठक शुरू हो गई है। पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी पी मुरलीधर राव और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा मंत्रियों व विधायकों के साथ अलग-अलग बंद कमरे में चर्चा कर रहे हैं। पहले चंबल क्षेत्र के मंत्रियों को बुलाया गया है। मंगलवार दिन भर में चंबल के अलावा ग्वालियर, जबलपुर, सागर, रीवा और शहडोल संभाग के मंत्री-विधायकों से फीडबैक लिया जाएगा। इसके बाद देर शाम 6 संभागों की संयुक्त बैठक होगी।

खास बात है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इस दौरान मौजूद नहीं हैं, लेकिन वे देर शाम होने वाली बैठक में मौजूद रहेंगे। ऐसे में बैठक को सत्ता पर संगठन की कसावट के तौर पर देखा जा रहा है। यही वजह है कि बैठक का एजेंडा जारी नहीं हुआ था। यह पहला मौका होगा, जब शिवप्रकाश विधायकों से सीधे संवाद कर रहे हैं।

मिशन 2023 की तैयारी
बीजेपी प्रदेश संगठन के एक पदाधिकारी ने बताया कि पार्टी अब 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। विधायकों के साथ संगठन के पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां दी जाएंगी। खासकर आदिवासी और दलित वोट बैंक को साधने के लिए सत्ता-संगठन के संयुक्त कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार की जाएगी। बैठकों के दौरान आगामी पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव पर भी फोकस रहेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *